वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो में धुएं का अलार्म बजने से मचा हड़कंप

top-news
वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में कार्गो का स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार 155 यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित उतारा गया। शुरुआती जांच में धुएं का कोई संकेत नहीं मिला।

वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार सुबह अचानक लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। बताया जा रहा है कि विमान के कार्गो हिस्से में स्मोक डिटेक्शन अलार्म सक्रिय होने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान की सुबह 8:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही आपात प्रतिक्रिया दल सक्रिय हो गया। फायर ब्रिगेड के साथ तकनीकी विशेषज्ञों ने भी मौके पर पहुंचकर विमान की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं या आग का कोई संकेत नहीं मिला है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बिना धुएं के अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ।


उड़ान के कुछ ही देर बाद बजा कार्गो का अलार्म

एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही कार्गो हिस्से में धुआं पहचानने वाला अलार्म बज गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया और विमान को वहां उतारने की अनुमति मांगी। एटीसी से मंजूरी मिलते ही विमान को लखनऊ की ओर मोड़ा गया। सुबह 8:52 बजे विमान एयरपोर्ट पर उतर गया। इसके बाद सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने विमान को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू की। करीब 10 मिनट बाद, सुबह 9:02 बजे विमान में सवार 155 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।


जांच में धुएं का संकेत नहीं, अलार्म की वजह तलाश रहे विशेषज्ञ

विमान से यात्रियों और चालक दल को उतारने के बाद फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों ने अलग-अलग हिस्सों की जांच की। जांच के दौरान विमान में धुआं या आग होने का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर खड़ा कर दिया गया। अब तकनीकी टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि कार्गो में लगा स्मोक डिटेक्शन सिस्टम किस कारण सक्रिय हुआ। विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले जरूरी तकनीकी जांच पूरी की जाएगी। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।


दो साल में यूपी में सामने आईं कई विमान संबंधी घटनाएं

उत्तर प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान विमानों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। 19 अगस्त 2026 को गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था। इसके बाद पायलट ने विमान को दोबारा हवा में उठाया और एटीसी से अनुमति मिलने के बाद फिर लैंडिंग कराई गई। 21 जनवरी 2026 को प्रयागराज में वायुसेना के एक छोटे विमान को तकनीकी परेशानी के चलते तालाब में उतारना पड़ा था। दोनों पायलट पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकल आए थे। वहीं, 14 सितंबर 2025 को दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे उड़ान भरने के कुछ देर बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर वापस उतारा गया था। उस विमान में 151 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।


वाराणसी समेत दूसरे एयरपोर्ट पर भी हुई इमरजेंसी लैंडिंग

12 नवंबर 2025 को मुंबई से वाराणसी आ रही एअर इंडिया की उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। इस दौरान सभी यात्री सुरक्षित रहे। 25 मई 2025 को दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो फ्लाइट को सुरक्षा कारणों के चलते वाराणसी में उतारा गया था। इसके अलावा 6 मई 2025 को मुंबई से गोरखपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में उड़ान के बाद तकनीकी खराबी सामने आई थी। इसके चलते विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर ही वापस उतारना पड़ा था। उस विमान में 190 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे। बाद में यात्रियों को दूसरी उड़ान से गोरखपुर भेजा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *