गौतमबुद्ध नगर में 17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची, बीएलओ की लापरवाही पर होगी कार्रवाई
- Shiv Kumar
- 13 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्वाचन कार्यों में लगे अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाताओं से समय पर संपर्क करने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता से संपर्क किए बिना उसे अनुपलब्ध नहीं दिखाया जा सकता। 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा के तहत मिलने वाले अनुरोधों पर भी निर्धारित समय में कॉल बैक करना होगा। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर को जारी की जाएगी। मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर सूची में अपना नाम देख सकेंगे। इसके अलावा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और पहले से दर्ज जानकारी में संशोधन की सुविधा ऑनलाइन और बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। बैठक में जिले के मतदाताओं, मतदान केंद्रों और आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।
तीसरी बार गलती करने पर होगी कार्रवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने फॉर्म-6, 7 और 8 के डिजिटाइजेशन में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहली बार गलती मिलने पर संबंधित कर्मचारी को मौखिक चेतावनी दी जाएगी। दूसरी बार गलती दोहराने पर लिखित चेतावनी मिलेगी, जबकि तीसरी बार लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बीएलओ को मतदाताओं से संपर्क करने और उनके अनुरोधों का समय पर जवाब देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें।
जिले में 15.27 लाख से अधिक मतदाता
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर की अनुमानित आबादी 28.34 लाख है। जिले में कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिलाएं और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार दादरी में 6,17,352, नोएडा में 5,93,236 और जेवर में 3,16,840 मतदाता हैं। जिले में कुल 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन कार्यों की निगरानी के लिए 194 सुपरवाइजर तैनात हैं।
16 से 19 नवंबर तक होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
मेधा रूपम ने बताया कि 16 से 19 नवंबर तक गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस बल, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए व एओए पदाधिकारियों के साथ प्रशिक्षण और बैठकें आयोजित की जाएंगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 voters.eci.gov.in, ईसीआईनेट ऐप या बीएलओ के माध्यम से जमा किया जा सकता है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई के बाद पंजीकृत मतदाताओं को 31 दिसंबर 2026 तक स्पीड पोस्ट से ईपीआईसी कार्ड भेजे जाएंगे। बैठक में मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा और उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






