नोएडा में सीबीआई और एनआईए अधिकारी बनकर एनआरआई वकील से 3.80 करोड़ ठगे, 21 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट
- Shiv Kumar
- 16 Nov, 2026
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेरिका में करीब 30 साल तक वकालत करने के बाद भारत लौटे 62 वर्षीय रिटायर्ड वकील अतुल तलवार से साइबर अपराधियों ने 3.80 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को सीबीआई और एनआईए का अधिकारी बताकर उन्हें पहलगाम आतंकी हमले की जांच में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी। ठगों ने दावा किया कि अतुल के नाम पर खुले बैंक खाते से आतंकियों को 53 करोड़ रुपये भेजे गए हैं और इसके बदले उन्हें पांच करोड़ रुपये कमीशन मिला है। इस आरोप से डरे अतुल को करीब 21 दिनों तक वीडियो और ऑडियो कॉल के जरिए निगरानी में रखा गया। ठगों ने गिरफ्तारी से बचाने और भारतीय रिजर्व बैंक से उनकी संपत्ति का सत्यापन कराने का झांसा देकर भारतीय बैंक खातों के साथ अमेरिका में जमा रिटायरमेंट की बचत भी ट्रांसफर करा ली। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने नोएडा साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई से भी शिकायत की है। नोएडा साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई पुलिसकर्मी बनकर किया था फोन
पीड़ित अतुल तलवार करीब तीन दशक तक अमेरिका में वकालत करने के बाद भारत लौटे थे। उन्होंने सितंबर में गुरुग्राम में किराये पर फ्लैट लिया था। पिछले महीने वह नोएडा के सेक्टर-30 स्थित अपनी दिवंगत मां के घर का नवीनीकरण कराने पहुंचे थे। इसी दौरान 16 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई के कोलाबा थाने का पुलिसकर्मी बताया। उसने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच में अतुल का आधार कार्ड सामने आया है। अतुल ने आरोपों को गलत बताया तो कॉल करने वाले ने उनकी बातचीत कथित साइबर पुलिस अधिकारी से कराई। इसके बाद उन्हें गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाया जाने लगा।
आतंकियों को 53 करोड़ भेजने का आरोप लगाया
साइबर ठगों ने अतुल को बताया कि उनके नाम पर केनरा बैंक में एक खाता खोला गया है। आरोपियों ने दावा किया कि इस खाते से एक आतंकी को 53 करोड़ रुपये भेजे गए हैं और इसके बदले अतुल को पांच करोड़ रुपये कमीशन मिला है। अपने दावे को सही साबित करने के लिए ठगों ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों की तस्वीरें भी भेजीं। इसके बाद वॉट्सऐप पर कथित सीबीआई सहायक निदेशक के नाम से गोपनीयता समझौता भेजा गया। आरोपियों ने अतुल को निर्देश दिया कि जांच पूरी होने तक वह किसी से इस मामले की चर्चा न करें। इसी बहाने उन्हें लगातार दबाव में रखा गया और उनकी जमा रकम का सत्यापन कराने के नाम पर पैसे मांगे गए।
21 दिन तक वीडियो कॉल पर रखी निगरानी
ठगों ने अतुल को करीब 21 दिन तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव में रखा। इस दौरान उनसे लगातार वीडियो और ऑडियो कॉल पर संपर्क किया जाता था। आरोपियों ने उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने और कथित जांच की जानकारी साझा करने से रोक दिया। ठगों ने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए बैंक में जमा रकम का भारतीय रिजर्व बैंक से सत्यापन कराना जरूरी है। इसके बाद अतुल की दो फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाई गईं। भारतीय बैंक खातों से अलग-अलग खातों में कुल 18 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। आरोपियों ने उन्हें विश्वास दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद रकम सुरक्षित रहेगी।
अमेरिका की रिटायरमेंट बचत भी ठग ली
भारतीय बैंक खातों से रकम निकलवाने के बाद साइबर अपराधियों ने अतुल की अमेरिका में जमा रिटायरमेंट की बचत को भी निशाना बनाया। आरोपियों ने उन्हें यह रकम एथेरियम क्रिप्टोकरेंसी में बदलने के लिए कहा। इसके बाद क्रिप्टोकरेंसी डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर करा ली गई। इस तरह भारत और अमेरिका में जमा बचत मिलाकर कुल 3.80 करोड़ रुपये की ठगी की गई। पीड़ित को लगातार यह भरोसा दिलाया जाता रहा कि रकम आरबीआई के पास सत्यापन के लिए सुरक्षित रखी जा रही है। इसी विश्वास के कारण वह ठगों के निर्देशों का पालन करते रहे।
फोन बंद होने पर खुला ठगी का राज
चार नवंबर को अतुल ने कथित अधिकारियों को बताया कि उनके एक दोस्त की मां का निधन हो गया है और उन्हें गुरुग्राम जाना है। पहले ठगों ने उन्हें जाने की अनुमति नहीं दी, लेकिन बाद में सात नवंबर को जाने के लिए सहमत हो गए। इसी बीच छह नवंबर की रात अचानक आरोपियों से उनका संपर्क टूट गया। अतुल ने ठगों के नंबर पर दस से अधिक बार फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्हें शक हुआ। इंटरनेट पर जानकारी जुटाने पर उन्हें पता चला कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर उनके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
18 लाख में से चार लाख रुपये फ्रीज
नोएडा साइबर क्राइम पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भारतीय बैंक खातों से 18 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए थे। इनमें से चार लाख रुपये म्यूल खातों में फ्रीज करा दिए गए हैं। बाकी रकम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, अमेरिका में जमा रिटायरमेंट की बचत को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर डिजिटल वॉलेट में भेजे जाने के मामले की भी पड़ताल की जा रही है। पीड़ित ने नोएडा पुलिस के साथ अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई में भी शिकायत की है। पुलिस बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






