ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एओए को मेंटेनेंस हैंडओवर नहीं देने का मामला, बिल्डर पर दो साल से प्रक्रिया रोकने का आरोप
- Shiv Kumar
- 16 Nov, 2026
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी में सोमवार को अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) को हैंडओवर नहीं मिलने के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर पर करीब दो साल से हैंडओवर नहीं देने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर निवासियों और बिल्डर की मेंटेनेंस टीम के बीच सोसाइटी के गेट पर तीखी नोकझोंक हुई। निवासियों का आरोप है कि विवाद के दौरान बिल्डर ने बाउंसर बुला लिए, जिन्होंने उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। मामले की जानकारी मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। दूसरी ओर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहले ही बिल्डर को सोसाइटी के कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर एओए को सौंपने के निर्देश दे चुका है। प्राधिकरण ने 23 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में इसके लिए एक महीने का समय दिया था। इसके बावजूद हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से निवासी नाराज हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को विवाद सुलझाने के लिए दो दिन का समय दिया है।
हैंडओवर की मांग पर गेट पर हंगामा
हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से सोसाइटी के रखरखाव की जिम्मेदारी एओए को सौंपने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि करीब दो साल से बिल्डर हैंडओवर देने में देरी कर रहा है। सोमवार को इसी मुद्दे पर सोसाइटी के गेट पर निवासी एकत्र हुए और बिल्डर की मेंटेनेंस टीम से बातचीत करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और तीखी नोकझोंक होने लगी। निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर की ओर से बाउंसर बुलाए गए, जिन्होंने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि विरोध करने पर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की गई। हालांकि, इन आरोपों पर बिल्डर का पक्ष उपलब्ध नहीं है।
प्राधिकरण ने दिया था एक महीने का समय
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 23 अक्टूबर 2026 को हवेलिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र जारी कर सोसाइटी के कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर एओए को देने के निर्देश दिए थे। पत्र में स्पष्ट किया गया था कि सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन का गठन हो चुका है। प्राधिकरण ने बिल्डर को एक महीने के भीतर मेंटेनेंस संबंधी जिम्मेदारियां एओए को सौंपने के लिए कहा था। इसके साथ ही सोसाइटी में मेंटेनेंस का काम संभाल रही वैलेंसिया फैसिलिटी सर्विसेज एलएलपी से संबंधित हैंडओवर भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। निवासियों का कहना है कि एओए के गठन के बाद सोसाइटी की रखरखाव व्यवस्था का संचालन एसोसिएशन को मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर वे लगातार आवाज उठा रहे हैं।
21 सितंबर को हुआ था एओए का चुनाव
प्राधिकरण के पत्र के मुताबिक, हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी में एओए का चुनाव 21 सितंबर 2026 को कराया गया था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुल 10 सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया गया। सोसाइटी की नियमावली के अनुसार, एओए में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। कार्यकारिणी के गठन की जानकारी डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद को भी दी गई थी। निवासियों का कहना है कि एओए का गठन होने और प्राधिकरण के निर्देश जारी होने के बाद भी हैंडओवर नहीं मिलने से समस्या बनी हुई है। वे चाहते हैं कि सोसाइटी के कॉमन एरिया और मेंटेनेंस से जुड़ी जिम्मेदारियां जल्द से जल्द एसोसिएशन को सौंप दी जाएं।
पुलिस ने समाधान के लिए दिए दो दिन
बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, एओए के सदस्यों और निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ सोसाइटी के गेट पर हंगामा किया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस ने विवाद का समाधान करने के लिए सोसाइटी प्रबंधन और बिल्डर को दो दिन का समय दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस अवधि में बिल्डर की ओर से एओए को हैंडओवर सौंपने की बात कही गई है। फिलहाल निवासियों को हैंडओवर मिलने का इंतजार है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय के भीतर बिल्डर प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एओए को सौंपता है या नहीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






