गौतम बुद्ध नगर में सड़क हादसे रोकने के लिए दुरुस्त किए जाएंगे ब्लैक स्पॉट, स्कूली वाहनों और चालकों की होगी जांच
- Shiv Kumar
- 27 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा स्थित कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस दौरान जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट, हादसों की आशंका वाले स्थानों, हिट एंड रन के मामलों और यातायात नियमों के उल्लंघन की समीक्षा की गई। एडीएम ने सड़क सुरक्षा से जुड़े अधूरे कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। स्कूली वाहनों की फिटनेस, चालकों की पात्रता और परिचालकों की मौजूदगी की नियमित जांच कराने को कहा गया है। इसके अलावा सड़क हादसों में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पात्र पीड़ितों को समय से मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट पर बेहतर होंगे सुरक्षा इंतजाम
एडीएम संजय कुमार पांडेय ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर और गति नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने को कहा गया है। इसके अलावा हिट एंड रन के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने और पात्र पीड़ितों एवं उनके परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
स्कूली वाहनों के सुरक्षा मानकों की होगी जांच
बैठक में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर भी चर्चा हुई। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्कूली वाहनों की फिटनेस, चालकों की पात्रता और वाहनों में परिचालकों की मौजूदगी की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा, परिवहन और पुलिस विभाग को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का प्रयास है कि बच्चों को स्कूल लाने और घर पहुंचाने वाले वाहनों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो।
घायलों को समय पर मिलेगा कैशलेस उपचार
सड़क हादसों में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग, अस्पतालों और पुलिस को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पीएम राहत योजना के तहत चिह्नित अस्पतालों में पात्र घायलों को समय से कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा ई-डीएआर पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी समय से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले राहवीरों को प्रोत्साहित करने और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
एडीएम ने अवैध पार्किंग की रोकथाम के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नशे में वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। बैठक में एसीपी ट्रैफिक सौरभ सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय समेत पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, प्राधिकरणों और सड़क निर्माण एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






