नोएडा में 140 करोड़ आहुतियों के संकल्प के साथ शुरू हुआ भारत उत्कर्ष महायज्ञ, पहले दिन बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
- Shiv Kumar
- 27 Nov, 2026
नोएडा के महर्षि नगर स्थित महर्षि आश्रम में राष्ट्र की समृद्धि, विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना के साथ शुक्रवार को नौ दिवसीय भारत उत्कर्ष महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महर्षि महेश योगी संस्थान के तत्वावधान में आयोजित महायज्ञ की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, गौ पूजन और कलश पूजन के साथ हुई। इस दौरान 140 करोड़ आहुतियां समर्पित करने का संकल्प लिया गया। महायज्ञ के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर ढोल-नगाड़ों की थाप, कला गांव और रेत कला की प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। महायज्ञ के साथ कथावाचक देवी कृष्ण प्रिया ने श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ किया। देवी भगवती की महिमा और भक्ति प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजन परिसर में भारतीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिल रही है। महायज्ञ का आयोजन पांच दिसंबर तक चलेगा और इसी दिन विधि-विधान से पूर्णाहुति होगी।
108 यज्ञ कुंडों में दी जाएंगी आहुतियां
भारत उत्कर्ष महायज्ञ का आयोजन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज के संरक्षण में किया जा रहा है। शुक्रवार को विधि-विधान से गौ और कलश पूजन के बाद देवी भगवती का आह्वान किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंडों में आहुतियां अर्पित कर देश की सुख-समृद्धि, विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की। इससे पहले गुरुवार को कलश यात्रा निकाली गई थी। नौ दिवसीय आयोजन के दौरान 108 यज्ञ कुंडों में प्रतिदिन सुबह साढ़े नौ बजे से धार्मिक अनुष्ठान होंगे। महायज्ञ में कुल 140 करोड़ आहुतियां समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
देवी की महिमा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
महायज्ञ के साथ कथावाचक देवी कृष्ण प्रिया ने श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ किया। कथा के पहले दिन उन्होंने मां भगवती की महिमा, उनके शक्ति स्वरूप और आध्यात्मिक महत्व का वर्णन किया। देवी के प्रथम महात्म्य और भक्ति से जुड़े प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा सुनने के लिए पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वैदिक मंत्रों और देवी के भक्ति प्रसंगों से पूरे आयोजन परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय कला और लोक संस्कृति की झलक
भारत उत्कर्ष महायज्ञ में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भारतीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। आयोजन परिसर में भारत आरोग्य मेला, कला गांव, रेत कला प्रदर्शनी, पुस्तक मेला, गौ सेवा प्रकल्प और अन्न क्षेत्र बनाए गए हैं। पहले दिन यहां पहुंचे श्रद्धालुओं और आगंतुकों के बीच रेत कला प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को भारतीय परंपराओं और लोक कलाओं से परिचित कराया जा रहा है। नोएडा के सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर में महर्षि आश्रम के गेट नंबर छह पर आयोजित महायज्ञ पांच दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






