Breaking News

नोएडा में बैंक कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने भेजा फर्जी लिंक, रिवॉर्ड पॉइंट का लालच देकर क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 5.44 लाख रुपये

top-news
नोएडा के सेक्टर-11 में साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति से 5.44 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने अमेजन रिवॉर्ड पॉइंट दिलाने का लालच देकर फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नोएडा के सेक्टर-11 में रहने वाले एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट दिलाने का लालच देकर 5.44 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित को 10 हजार रुपये के अमेजन रिवॉर्ड पॉइंट मिलने की बात कही थी। इसके बाद रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा। पीड़ित ने जैसे ही वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी दर्ज की, उनके कार्ड से दो बार में 5,44,427 रुपये के ट्रांजेक्शन हो गए। महज 22 मिनट के भीतर साइबर ठगों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति को उनके नए क्रेडिट कार्ड की डिलीवरी और कार्ड नंबर की जानकारी पहले से थी। इसी वजह से उन्होंने आरोपी की बातों पर भरोसा कर लिया था। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और बैंक को सूचना दी। शुक्रवार को उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


बैंक कर्मचारी बनकर दिया रिवॉर्ड पॉइंट का लालच

सेक्टर-11 निवासी तवेंद्र चंद्रा सक्सेना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम राहुल सिंह बताते हुए खुद को एचडीएफसी बैंक का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि नया एचडीएफसी डिनर्स क्लब प्रिविलेज क्रेडिट कार्ड जारी होने पर उन्हें 10 हजार रुपये के अमेजन रिवॉर्ड पॉइंट मिल सकते हैं। इसके लिए रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आरोपी ने पीड़ित को एक वेबसाइट का लिंक भेजा और उस पर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी दर्ज करने को कहा।


आरोपी को पहले से थी कार्ड की जानकारी

पीड़ित के मुताबिक, उनका नया क्रेडिट कार्ड ब्लू डार्ट के माध्यम से डिलीवर हुआ था। फोन करने वाले व्यक्ति को कार्ड की डिलीवरी और कार्ड नंबर के बारे में पहले से जानकारी थी। आरोपी ने इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उनका भरोसा जीत लिया। उसने जो लिंक भेजा था, वह एचडीएफसी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा दिखाई दे रहा था। पीड़ित ने उसे बैंक की वेबसाइट समझकर अपनी व्यक्तिगत और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी दर्ज कर दी। इसके कुछ ही देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम के ट्रांजेक्शन होने लगे।


22 मिनट में दो बार निकाली रकम

शिकायत के मुताबिक, 25 नवंबर की रात 9 बजकर 35 मिनट पर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 2,71,835 रुपये का पहला ट्रांजेक्शन हुआ। इसके बाद रात 9 बजकर 57 मिनट पर 2,72,592 रुपये का दूसरा ट्रांजेक्शन हुआ। इस तरह महज 22 मिनट के अंतराल में साइबर ठगों ने कुल 5,44,427 रुपये की ठगी कर ली। ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने तत्काल क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और एचडीएफसी बैंक को मामले की जानकारी दी।


बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित ने बैंक को सूचना देने के बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को उन्होंने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है। इस संबंध में संबंधित बैंक के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है। साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को अनजान नंबरों से आने वाले फोन और संदिग्ध लिंक से सावधान रहना चाहिए। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *