Breaking News

ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, सिर पर ईंट से किया हमला, आरोपी पुलिस के हिरासत में

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में वीरेंद्र कसाना की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान व्यक्ति के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हमले के आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, विवाद और हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।


बड़े भाई के घर से लौट रहे थे वीरेंद्र

पुलिस के मुताबिक, सलारपुर गांव निवासी वीरेंद्र कसाना उर्फ वीरू शनिवार रात अपने बड़े भाई के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही हल्लू उर्फ सोविंदर ने कथित तौर पर उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वीरेंद्र जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई तेजपाल कसाना का कहना है कि उनके भाई का आरोपी से कोई विवाद या पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी ने अचानक उन पर हमला किया। घटना के बाद परिजनों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चौकी प्रभारी से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया।


मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

दनकौर कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी सोविंदर को घायल अवस्था में हिरासत में लिया है और उसका उपचार कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *