Auraiya: 2 लाख की सुपारी, 15 दिन की शादी और एक खौफनाक कत्ल

top-news
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच दी.

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच दी. शादी के महज 15 दिन बाद ही दुल्हन ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए भाड़े के शूटर हायर किए. वारदात को अंजाम देने के लिए उसने मुंह दिखाई में मिले पैसे इस्तेमाल किए. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

शादी से नाखुश थी दुल्हन, प्रेमी के लिए चली गई इतनी दूर

जानकारी के मुताबिक, मैनपुरी के भोगांव निवासी 24 वर्षीय कारोबारी दिलीप कुमार की शादी हाल ही में प्रगति नामक युवती से हुई थी. लेकिन प्रगति पहले से ही अनुराग यादव नामक युवक से प्रेम करती थी. जब परिजनों को इस प्रेम संबंध की भनक लगी, तो उन्होंने प्रगति की शादी उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप से कर दी. यह शादी प्रगति को मंजूर नहीं थी, इसलिए उसने अपने प्रेमी अनुराग के साथ मिलकर पति को खत्म करने की योजना बना डाली.

मुंह दिखाई के पैसों से दिया सुपारी, ऐसे बनी मौत की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रगति को शादी के बाद मुंह दिखाई में काफी पैसे मिले थे. उसने इन्हीं पैसों का इस्तेमाल कर अपने पति की हत्या की साजिश रची. दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें एक लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए गए. हत्या को अंजाम देने के बाद बाकी की रकम देने की योजना थी.

ऐसे मारा गया दिलीप, पुलिस ने ऐसे पकड़ा कातिलों को

19 मार्च को दिलीप कुमार जब कन्नौज के उमर्दा इलाके में था, तब भाड़े के शूटरों ने उसे घेर लिया. पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर सिर के पिछले हिस्से में गोली मारकर उसे खेत में फेंक दिया गया. पुलिस ने गंभीर हालत में दिलीप को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 21 मार्च को उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फोन कॉल डिटेल्स की जांच की. इसी दौरान उन्हें सुपारी के पैसों के लेन-देन की जानकारी मिली. शनिवार को पुलिस ने हरपुरा इलाके में छापा मारकर प्रगति, उसके प्रेमी अनुराग यादव और शूटर रामजी नागर को गिरफ्तार कर लिया.

व्हाट्सएप कॉल बना अहम सबूत, ऐसे खुली पोल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की साजिश के दौरान प्रगति, अनुराग और शूटरों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होती थी. प्रगति ने दिलीप की लोकेशन प्रेमी अनुराग को दी, जिसने इसे शूटरों तक पहुंचाया. सीसीटीवी फुटेज में अनुराग को दिलीप का पीछा करते देखा गया, जबकि शूटर उस ढाबे के पास कैमरे में कैद हो गए, जहां से दिलीप को बहाने से ले जाया गया था.

तीन गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया है. पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने एक बार फिर से रिश्तों की कड़वी हकीकत को उजागर कर दिया है, जहां प्यार में अंधी दुल्हन ने अपने ही पति की जिंदगी छीन ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *