बरेली में ट्रेन हादसा, इफको फैक्ट्री जाते समय पटरी से उतरीं मालगाड़ी की चार बोगियां

top-news
बिशारतगंज से इफको आंवला को जाने वाली रेल लाइन एक प्राइवेट साइडिंग है।

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में ट्रेन हादसा हो गया। जिले के आंवला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विशातरगंज से इफको खाद फैक्ट्री जा रही मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतर गईं, जिसकी वजह से ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे  की सूचना मिलते ही रेलवे में खलबली मच गई। रेलवे की टीम मौके पर तुरंत पहुंची ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। वहीं, शनिवार सुबह मुरादाबाद से एडीआरएम पारितोष गौतम,एडीईएन चंदौसी संजीव सक्सेना और इफको के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
रात में  2.35 बजे हुआ हादसा, रेल पटरियां उखड़ीं
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात दो बजकर 14 मिनट पर विशारतगंज रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी इफको फैक्ट्री के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान  2 बजकर 35 मिनट पर किलोमीटर संख्या छह के पास मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मालगाड़ी के कुल 42 बोगी में से चार पटरी से उतर गईं। इसकी वजह से काफी दूर तक रेल पटरी भी उखड़ गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की सभी बोगी खाली थी। मालगाड़ी फैक्टरी से खाद लेने जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक दुरुस्त होने से समय लग सकता है। बता दें कि इस ट्रैक पर सवारी गाड़ियां नहीं चलती है। इसलिए कोई परेशानी नहीं हुई।

मालगाड़ी चार हिस्सों में बंटी

मालगाड़ी के लोको पायलट जितेंद्र कुमार के मुताबिक, मालगाड़ी को 2 बजकर 14 मिनट पर बिशारत गंज स्टेशन से लेकर चले थे। करीब 2 बजकर 35 मिनट पर इफको के अंदर ट्रेन ले जाने से पहले अहसास हुआ कि मालगाड़ी बेपटरी हुई है तो उन्होंने ब्रेक लगाई। इसके बाद ट्रेन से उतरकर देखा तो 42 वैगन और एक ब्रेकवॉन की मालगाड़ी चार हिस्सों में बंट चुकी थी। इंजन से दसवां, ग्यारहवां, बारहवां और तेरहवां वैगन अलग-अलग हो गए थे। इस मामले में रेल अधिकारियों की तरफ से ज्वाइंट नोट तैयार किया जा रहा है। संयुक्त रिपोर्ट बनाकर मुरादाबाद भेजी जाएगी। 



पेंड्रोल क्लिप टूटे

दरअसल, बिशारतगंज से इफको आंवला को जाने वाली रेल लाइन एक प्राइवेट साइडिंग है। करीब सात से आठ किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के बीच हादसे के बाद कई करीब छह किमी तक पेंड्रोल क्लिप टूट गए। जबकि रेलवे लाइन से लेकर स्लीपर भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *