यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 7 बसें और 3 कारें टकराईं, 13 की मौत, 70 से अधिक घायल
मथुरा में दर्दनाक हादसा, जिंदा जले लोग
- Sajid Ali
- 16 Dec, 2025
यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 127 के पास 7 बसों और 3 कारों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 70 से अधिक यात्री झुलसकर घायल हो गए। हादसे के चलते आगरा के खंदौली टोल प्लाजा पर करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। इसी वजह से एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बसों और कारों में आग लग गई और देखते ही देखते कई वाहन धूं-धूं कर जलने लगे। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बसों की खिड़कियों से कूदते नजर आए।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब 20 एंबुलेंस के जरिए घायलों और झुलसे लोगों को मथुरा जिला अस्पताल, वृंदावन के 100 शैय्या अस्पताल और बलदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे में 7 निजी बसें, एक सरकारी रोडवेज बस और चार छोटी गाड़ियां शामिल थीं। वाहनों में आग लगने के कारण जनहानि हुई। अज्ञात शवों की पहचान डीएनए जांच के माध्यम से कराई जाएगी। पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी राधा वल्लभ ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जाएंगे। पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है। अस्पताल में 10 से अधिक डेड बॉडी बैग पहुंच चुके हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे की वजह घना कोहरा और कम दृश्यता मानी जा रही है। आग बुझाने और राहत कार्य के बाद जले हुए वाहनों को हटवा दिया गया है। बैरिकेडिंग कर एक्सप्रेसवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य करा दिया गया है।
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







