Greater Noida में डीएम ने की एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक, भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दिए ये निर्देश

top-news
ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की गई।

ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की गई। ये बैठक उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप भू-माफियाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विगत दिवस डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में की गई।

चिन्हित भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश 

इस समीक्षा बैठक में ग्राम सौहरखा जाहिदाबाद में ग्राम सभा की भूमि पर प्लाटिंग करने व भोले भाले लोगों को फुसला कर प्लाट बेचने वाले सक्रिय भू-माफिया बबलू पुत्र देवपाल, संदीप यादव पुत्र प्रेम सिंह, देवेन्द्र पुत्र डालचंद निवासी तिगरी, शेरपाल पुत्र लक्ष्मण निवासी बहलोलपुर, बिजेन्द्र पुत्र झगडू निवासी ग्राम हैवतपुर और ग्राम देवला तहसील दादरी में सक्षम स्तर से अनुमति लिए बिना भूमि विक्रय करने/कॉलोनी विकसित करने के संबंध में राजेश पुत्र फेकू सिंह, ललित यादव पुत्र समय यादव निवासी गाजियाबाद, समयपाल यादव पुत्र अचपल यादव निवासी गाजियाबाद, सुदेश नगर पुत्र लेख राम सिंह एवं वीरवती पत्नी लेखराम सिंह निवासी सूरजपुर को भू-माफिया के रूप में चिन्हित किया है। जिलाधिकारी ने चिन्हित किए गए सभी भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

बैठक में मौजूद रहे अधिकारीगण

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव, डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया, नगर मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्र तथा तहसील के अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *