Kanpur: दो कारों की फिल्मी स्टाइल में रेस, पहले बाइक सवार को उड़ाया फिर किया ये 'कांड', पढ़ें एक क्लिक में
कानपुर में शुक्रवार देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने एक बार फिर रईसजादों की रफ्तार के खतरनाक खेल की क्रूर तस्वीर पेश कर दी।
- Rishabh Chhabra
- 05 Apr, 2025
कानपुर में शुक्रवार देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने एक बार फिर रईसजादों की रफ्तार के खतरनाक खेल की क्रूर तस्वीर पेश कर दी। किदवई नगर थाना क्षेत्र की सड़कों पर जब BMW और 'भारत सरकार' लिखी सफेद इनोवा रेस लगा रहे थे, तब शायद ही किसी को अंदाजा रहा हो कि कुछ ही पलों में एक बेगुनाह की जिंदगी खत्म होने जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संजय वन पुलिस चौकी के पास रात करीब 11 बजे दोनों कारें 100 किमी/घंटा से भी ज्यादा की रफ्तार में एक-दूसरे से होड़ कर रही थीं। दोनों गाड़ियां राष्ट्रीया इंटर कॉलेज की तरफ मुड़ीं और चंद सेकंड बाद उदयविला गेस्ट हाउस के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को इनोवा ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराया। हादसे के समय कार में सो रहे एक अन्य चालक कबीर धमाके की आवाज सुनकर उठे और देखा कि बाइक सवार लहूलुहान हालत में कार के नीचे पड़ा है। वहीं टक्कर मारने वाला इनोवा चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में मारे गए युवक की पहचान किदवई नगर एच ब्लॉक निवासी 42 वर्षीय नवीन गुप्ता के रूप में हुई है। वे किसी निजी काम से घर लौट रहे थे जब इनोवा की रफ्तार ने उनकी जिंदगी छीन ली।
कार पर 'भारत सरकार' का स्टिकर लगा था
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस इनोवा से यह दुर्घटना हुई, उस पर 'भारत सरकार' का स्टिकर और एक जांच एजेंसी का लोगो लगा था। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर फरार इनोवा चालक को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया, जबकि BMW चालक की तलाश अब भी जारी है। पुलिस दोनों वाहनों की वैधता और उसमें सवार लोगों की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है।
तेज रफ्तार ट्रक से दुर्घटना
इस बीच एक और टक्कर की घटना सामने आई है। मोड़ स्थित बढ़पुरा ब्लॉक कार्यालय के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक ठेला चालक अजय को टक्कर मारी जो मेला से घर लौट रहा था, फिर सामने से आ रही एक बाइक को भी कुचल दिया। बाइक सवार उदल प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
घटनाओं से शहरवासियों में आक्रोश
इन लगातार हो रही घटनाओं से शहरवासियों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कानपुर की सड़कों पर रफ्तार के खेल में अब आम नागरिकों की जानें सस्ती होती जा रही हैं। सरकार और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी होगी, नहीं तो ऐसी घटनाएं रोज सुर्खियों में होंगी और निर्दोष लोग यूं ही मरते रहेंगे।
यह केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उस सिस्टम की विफलता है जो ऐसी गाड़ियों को सरकारी ठप्पे के साथ बेलगाम दौड़ने देता है। सवाल यही है कि कितनी और जाने जाएंगी, तब जाकर रफ्तार पर लगाम लगेगी?
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







