बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा; ईंट भट्ठे पर पानी की हौज में डूबने से 5 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

top-news
थाना सलेमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Bulandshahr: बुलंदशहर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।  सलेमपुर थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की पानी की हौज में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सुरजवाली गांव स्थित एक ईंट भट्टे पर उस समय हुआ, जब बच्ची खेलते-खेलते भट्टे के पास पहुंच गई और अचानक वहां बनी पानी की हौज में गिर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बच्ची को तत्काल हौज से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर थाना सलेमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भट्ठा मालिक पर लापरवाही का आरोप
मृत बच्ची की पहचान सुरजवाली गांव निवासी एक प्रवासी मजदूर की बेटी के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ भट्टे पर रह रही थी। परिजनों ने ईंट भट्टा मालिक पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हौज के चारों ओर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। इसके अलावा न ही हौज को ढका गया था, जिससे उनकी बेटी की मौत हो गई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस
वहीं, परिजनों की  शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सलेमपुर थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और यदि लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी ईंट भट्टों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *