https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

बुलंदशहर में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी और मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राज्यपाल से लूट पर अंकुश लगाने की मांग की

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

बुलंदशहर में निजी स्कूलों की मनमानी और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस ने मलका पार्क से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की करते हुए निजी स्कूलों के लूट पर अंकुश लगाने की मांग की। राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि और विशेष दुकानों से ड्रेस व किताबें खरीदने की अनिवार्यता को संगठित लूट बताते हुए तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की।

महंगाई की वजह से आम लोगों की टूटी कमर
गौरतलब है कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करते हुए निजी स्कूलों की फीस, किताबों और यूनिफॉर्म के लिए छात्रहितकारी नियमावली बनाने की मांग की।  इसके साथ ही गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी के लिए टैक्स घटाने की मांग भी की। बुलंदशहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि महंगाई से आम आदमी पहले से ही परेशान है। निजी स्कूलों की मनमानी और ईंधन की कीमतों ने आम लोगों के जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल गिरोह बनाकर संगठित लूट कर रहे हैं। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष रवि लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

वाराणसी और संभल में भी हुआ प्रदर्शन
वहीं, वाराणसी में जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद रायफल क्लब सभागार के सामने पहुंचे और वहां भी नारेबाजी की। वाराणसी के कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि स्कूलों में अचानक और मनमाने ढंग से की जा रही फीस वृद्धि, कॉपी-किताब के लिए एक ही दुकान को अधिकृत करने तथा साल भर की फीस एकमुश्त वसूलने जैसी समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल फीस इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि एक आम इंसान अपने दो-तीन बच्चों को पढ़ाने में असमर्थ हो गया है। निजी स्कूलों की निरंकुश नीतियों पर लगाम लगाने की आवश्यकता है। इसी तरह संभल में भी कांग्रेस जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद आरिफ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. संभल में एसडीएम के कार्यालय पर पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निजी स्कूलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *