Bulandshahr: प्रेमी संग मिलकर बहू ने ससुर को उतारा मौत के घाट, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम, यहां पढ़ें पूरी स्टोरी
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की हत्या कर दी। घटना जिले के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी खेल की है।
- Rishabh Chhabra
- 23 Apr, 2025
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की हत्या कर दी। घटना जिले के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी खेल की है। मृतक की पहचान 80 वर्षीय राजवीर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट पर राजवीर सिंह जब अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने अपने बेटे हर्षवर्धन की पत्नी पिंकी को उमरार गांव निवासी युवक पवन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह देख राजवीर सिंह ने दोनों को डांटा और विरोध जताया। इस पर गुस्से में आकर पवन ने राजवीर सिंह को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और ज़मीन पर गिर पड़े।
परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि बहू पिंकी और उसके प्रेमी पवन का लंबे समय से अवैध संबंध था, और पवन अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था। घटना के समय भी पवन घर में ही मौजूद था और उसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई।
मृतक के बेटे बंटी ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि पवन की तस्वीरें घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। इन फुटेज की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक पवन को हिरासत में ले लिया है।
सूचना मिलने पर डिबाई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने IPC की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि डायल 112 पर कॉल के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पवन को आरोपी बनाते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया है।
एसपी ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस बहू पिंकी की भूमिका की भी जांच कर रही है और उससे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
बुलंदशहर की यह घटना रिश्तों के विश्वास को झकझोर देने वाली है, जिसने एक वृद्ध की जान ले ली और एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






