Greater Noida: जिला खेल विभाग की अनदेखी और लापरवाही का नतीजा भुगत रहे खिलाड़ी, मलकपुर में प्रशिक्षक ना होने से प्रतिभाएं हो रहीं धूमिल
ग्रेटर नोएडा में जिम और स्वीमिंग पूल की जांच कर उन्हें मानकों पर कसने वाला जिला खेल विभाग अपने स्टेडियम को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है.
- Rishabh Chhabra
- 05 May, 2025
ग्रेटर नोएडा में जिम और स्वीमिंग पूल की जांच कर उन्हें मानकों पर कसने वाला जिला खेल विभाग अपने स्टेडियम को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है. दरअसल मलकपुर में जिला खेल विभाग का अपना खुद का स्टेडियम है, जिसके संचालन को लेकर विभाग गंभीर नहीं है. यहां पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने तक के लिए ना तो कोई नियमित प्रशिक्षक मौजूद है और ना ही भारोत्तोलन जैसे तकनीकी खेलों के लिए विशेषज्ञ कोच हैं. जिसके कारण खिलाड़ियों का खेल कौशल और फिटनेस दोनों ही प्रभावित होते हुए नजर आ रहे हैं.
जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए मलकपुर खेल स्टेडियम केंद्र बिंदु की तरह है. भले ही यहां पर आधुनिक उपकरण मौजूद हों लेकिन प्रशिक्षकों की कमी के कारण खिलाड़ी सही तकनीक से ना तो अभ्यास कर पा रहे हैं और ना ही इस तकनीक का फायदा उठा पा रहे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी तो भारोत्तोलन के खिलाड़ियों को हो रही है. यह खेल हर पहलू पर तकनीक और सावधानी की मांग करता है लेकिन बिना किसी अनुभवी मार्गदर्शन के अभ्यास करने से खिलाड़ियों को चोट लगने का खतरा रहता है.
स्थानीय खिलाड़ियों की मानें तो वे इंटरनेट या अन्य माध्यमों के जरिए खुद ही जानकारी जुटाकर व्यायाम का अभ्यास करने को मजबूर हैं. जो कि खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं है. खिलाड़ियों का मानना है कि यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रौशन कर सकते हैं.
देखा जाए तो खेल विभाग की अनदेखी और लापरवाही का असर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ा है. वर्ष 2023-24 में ग्रेटर नोएडा के गौतम विश्वविद्यालय में दो अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था लेकिन जिले के खिलाड़ी कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं हासिल कर सके, प्रशिक्षण के लिए उन्हें दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती की तरह है
गौतमबुद्ध नगर की जिला उप क्रीड़ा अधिकारी अनीता नागर का कहना है कि भारोत्तोलन के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के मकसद से हमने शासन से कोच की मांग पहले से ही की हुई है. इस संबंध में जल्द ही शासन को दोबारा से मांग पत्र सौंप दिया जाएगा.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






