ग्रेनो की अजनारा होम्स सोसाइटी में गिरा प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा, कार क्षतिग्रस्त, हादसा टला

top-news
बिल्डिंग से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा अचानक गिर गया

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में एक बार फिर बिल्डर की पोल खुली है। सोसाइटी में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देर शाम आंधी-बारिश शुरू होते ही बिल्डिंग से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा अचानक गिर गया, जिससे नीचे खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


शिकायत पर नहीं हो रही सुनवाई

सेक्टर-16 बी स्थित सोसाइटी में हादसे के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह रास्ता सोसाइटी के भीतर आम आवाजाही के लिए इस्तेमाल होता है और वहां अक्सर लोग आते-जाते रहते हैं। लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।


लाखों खर्च के बाद भी नरकीय जीवन

कार मालिक ने वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा बताई है। पीड़ित ने बताया कि लाखों खर्च करने के बाद भी जान जोखिम में डालकर इस सोसाइटी में रहना पड़ रहा है। बिल्डर और मेंटनेंस विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। वहीं, शिकायत पर प्राधिकरण भी सिर्फ नोटिस भेजकर चुप्पी साध लेता है, कोई कार्रवाई नहीं करता। जिला प्रशासन भी सोसाइटी के लोगों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। पीड़ित ने प्रशासन और सोसायटी प्रबंधन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस मामले में संज्ञान लें और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। बता दें कि पिछले साल भी एक फ्लैट के बेडरूम की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा उखड़कर नीचे आ गिरा था। इससे बेड पर लेटे शख्स को चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। फ्लैट मालिक ने मेंटिनेंस टीम से शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *