नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच फिर चली गोली, एक को लगी गोली और दूसरे को कॉम्बिंग के दौरान किया गिरफ्तार

- Nownoida editor1
- 29 May, 2025
Noida: नोएडा पुलिस की चेकिंग के दौरान दो शातिर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी को कांबिंग के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए दोनों बदमाशो के कब्जे से अवैध तमंचा, चाकू, चोरी की बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए बदमाश नोएडा एनसीआर क्षेत्र में लूट और चोरी करते हैं, इन पर कई केस पहले से दर्ज हैं।
पुलिस की चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर मीडिया सेल ने बताया कि थाना फेस-2 नोएडा पुलिस द्वारा आज सेक्टर-81 के पास चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान संदिग्ध प्रतीत हो रही एक मोटरसाइकिल पर सवार 2 व्यक्तियों को रूकने का इशारा किया गया। जिसपर मोटरसाइकिल सवार तेजी से चलाते हुए ककराला ईदगाह की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा बाइक सवारों का पीछा किया तो ईदगाह के पास बदमाश स्वयं को घिरता देखकर फायरिंग करते हुए कच्चे रास्ते पर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगने के कारण घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान मुकेश (39) पुत्र रामस्वरूप उर्फ हरस्वरूप के रूप में हुई है। जो मूलरूप से ग्राम मांठ मूला, थाना मांठ जनपद मथुरा का रहने वाला है, जो वर्तमान में अलीगढ़ रहता है।
चोरी की बाइक, तमंचे और चाकू बरामद
घायल बदमाश के पास से 01 अवैध तमंचा .315 बोर मय नाल में फंसा 01 खोखा कारतूस व 01 जिन्दा कारतूस व चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बाइक सेक्टर-49 नोएडा से चुराई गई थी। वहीं, बदमाश पीतम (24) पुत्र राजपाल निवासी पलवल हरियाणा को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। जिसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश मुकेश पर 10 तो पीतम के खिलाफ 4 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *