Breaking News

CM Yogi अपना 53वां जन्मदिन राम नगरी में मनाएंगे, जिला प्रशासन जोर-शोर से तैयारियों में जुटा

top-news
5 जून को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना 53वां जन्मदिन अयोध्या में मनाने वाले हैं.

5 जून को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना 53वां जन्मदिन अयोध्या में मनाने वाले हैं. इस दौरान राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और विशेष आरती कर श्रद्धा निवेदित करने के साथ सीएम योगी प्रदेशवासियों के खुशहाली की कामना करेंगे. साथ ही राम दरबार और अन्य सात देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे. इसी दिन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण भी करेंगे. 

देखा जाए तो सीएम योगी का रामनगरी से गहरा लगाव है. विविध आयोजनों को लेकर और यहां की विकास परियोजनाओं की प्रगति को परखने के लिए सीएम योगी के दौरे अक्सर होते ही रहते हैं. वहीं इस बार 5 जून को मुख्यमंत्री का अयोध्या आगमन बेहद खास होने वाला है. ऐसा इसलिए भी है क्योंकि कि इसी दिन सीएम योगी का जन्मदिन भी पड़ रहा है. इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी सीएम के इस खास दिन को और खास बनाने की तैयारियां जोरों-शोरों से शुरू कर दी गई हैं. 

5 जून को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर डीएम निखिल टीकाराम फुंडे की देखरेख में विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है. इस मौके पर प्रस्तावित कार्यक्रमों का विवरण मुख्यमंत्री कार्यालय भी भेजा जा चुका है. जिला प्रशासन के साथ ही नगर निगम द्वारा भी महापौर गिरीश पति त्रिपाठी के कार्यकाल के 2 साल पूरे होने पर 5 जून को ही भव्य समारोह के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई हैं. कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम में भी सीएम योगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर सकते हैं. अयोध्या नगर निगम-दो साल बेमिसाल की थीम पर आयोजित होने वाले इस समारोह में नगर निगम की दो साल की उपलब्धियों का बखान होगा. वहीं इस मौके पर सफाई मित्रों का भी सम्मान किया जाएगा. 


मुख्यमंत्री योगी जन्मदिन के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में भी शामिल होंगे. राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष का जन्मोत्सव 1 से 10 जून तक आयोजित किया जाएगा. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *