नोएडा में तेजी से पैर पसार रहा कोरोना, 24 घंटे में 30 नए संक्रमित मरीज मिले, जानिए कैसे करें अपना बचाव?

- Nownoida editor1
- 04 Jun, 2025
Noida:गौतमबुद्ध नगर में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 30 नए कोविड पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 138 पहुंच गई है। इनमें 74 पुरुष और 64 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, देश में 4 हजार से अधिक केस हो गए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर नियंत्रण बताया है और एहतियात बरतने की अपील की है।
सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
नोएडा के डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह ने कहा कि इस समय संयम बरतें और अफवाहों से दूर रहें। संक्रमित मरीजों में से केवल 2 को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं और लगातार निगरानी में रखे गए हैं। संक्रमित मरीजों को कुछ खास परेशानी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रूप से सभी संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाल रही हैं। उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर रही हैं। साथ ही साफ-सफाई और मास्क के प्रयोग की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल प्रशासन को कोविड आइसोलेशन बेड रिजर्व रखा गया है। जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज यहां हो सकेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं है। अधिकतर केस हल्के लक्षणों वाले हैं और होम आइसोलेशन में ठीक हो रहे हैं। पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
देश में 4302 एक्टिव केस
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा साझा किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार 4 जून की सुबह 8 बजे तक देश में कोरोना के कुल 4302 एक्टिव केस दर्ज हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 64-64 केस दिल्ली और गुजरात में मिले हैं। उत्तर प्रदेश से 63 और पश्चिम बंगाल से कोविड के 60 एक्टिव केस मिले हैं। वर्तमान में केरल 1373 एक्टिव केस के साथ पहले स्थान पर है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट् 510, गुजरात में 461, दिल्ली में 457 और पश्चिम बंगाल में 432 कोरोना के एक्टिव केस हैं।
कोरोना से बचने के लिए क्या करें, क्या न करें
नियमित रूप से हाथ धोएं और सैनिटाइज़र का प्रयोग करें।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क जरूर पहनें।
हल्के लक्षण दिखने पर भी टेस्ट करवाएं।
अफवाहों से बचें, स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस का पालन करें।
नोएडा में पिछले कुछ दिनों में तेजी से कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, ऐसे में सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *