ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, निर्माण के दौरान कंपनी की दीवार गिरने से 3 मजदूरों की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार

- Nownoida editor1
- 06 Jun, 2025
Greater Noida:ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। इकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र में निजी कंपनी की निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही आसपास हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे के नीचे से मजदूरों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, दो का इलाज जारी है। मरने वाले तीनों मजदूर महोबा के हैं।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि गुरुवार को ईकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आसरा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बेसमेंट में निर्माण कार्य करने के दौरान एक दीवार गिरने से 5 मजदूरों की घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना ईकोटैक प्रथम व थाना कासना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो महिला एवं एक पुरुष की मृत्यु हो गई। जबकि दो पुरुषों का इलाज चल रहा है, स्थिति सामान्य है।
ठेकेदार को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस बल मौके पर मौजूद है, शांति व्यवस्था सामान्य है। संबंधित ठेकेदार को हिरासत में लिया गया है। परिजन मौके पर मौजूद हैं, प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हादसे में महोबा के रहने वाली अनीता पत्नी कालका प्रसाद (32), मालती पत्नी पुष्पेंद्र (34) पुष्पेंद्र पुत्र झल्लू (40) की मौत हुई है। जबकि महोबा के धीरेंद्र कुमार पुत्र धर्मपाल (32) और बुलंदशहर के उमेश पुत्र हरिकेश (35) घायल हैं। मृतकों के परिजन नोएडा पहुंच रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *