Greater Noida: किसानों के लीजबैक मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया प्राधिकरण ने की तेज, इस समिति का गठन कर की जा रही 26 मामलों की सुनवाई

top-news
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से किसानों के लीजबैक मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से किसानों के लीजबैक मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में शुक्रवार को मायचा गांव के किसानों से जुड़े कुल 26 मामलों को लेकर सुनवाई की गई. इस सुनवाई के दौरान प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी जितेंद्र गौतम और ओएसडी राम नयन सिंह मौजूद रहे. वहीं कुल 26 मामलों की सुनवाई के दौरान किसानों से जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य प्राप्त किए गए. 

ओएसडी भूलेख गिरीश कुमार झा ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए कि किसानों की लंबे समय से उठ रही मांगों को मद्देनजर रखते हुए प्राधिकरण द्वारा आबादी व्यवस्थापन समिति का गठन कर दिया गया है. ये समिति अब किसानों के लीजबैक के मामलों की ग्रामवार सुनवाई करने का काम कर रही है. इन मामलों की सुनवाई 24 मार्च से शुरू हुई थी और तय कार्यक्रम के अनुसार गांवों के अनुसार लगातार मामलों को निस्तारित किए जाने का काम तेजी से हो रहा है. 

वहीं प्राधिकरण की ओर से शुरू की गई इस प्रक्रिया के कारण मायचा गांव के किसानों में एक आशा की किरण जगी है कि उन्हें उनके आवासीय अधिकार जल्द ही मिल जाएंगे. प्राधिकरण की तरफ से की गई ये पहल गांववासियों को कानूनी राहत और स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *