Greater Noida: अब नहीं चलेगी गंदगी की मनमानी, प्राधिकरण ने दिखाई सख्ती, जेसीबी जब्त!

top-news
ग्रेटर नोएडा को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए प्राधिकरण अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुका है।

ग्रेटर नोएडा को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए प्राधिकरण अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुका है। शहर में जहां-तहां कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में ग्रेनो वेस्ट की राइज पुलिस चौकी से चार मूर्ति चौक की ओर जाने वाली सड़क पर कुछ लोग अवैध रूप से कूड़ा फेंकते पकड़े गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही एक ट्रैक्टर-ट्राली और जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया और भारी जुर्माना भी लगाया।

सीईओ की सख्ती का दिख रहा असर

प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार की पहल पर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। उनके निर्देश पर प्राधिकरण की स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार फील्ड में निरीक्षण कर रही है और गंदगी फैलाने वालों पर तगड़ी कार्रवाई कर रही है।

शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक आर.के. भारती को सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध रूप से सड़क किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। जैसे ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, देखा कि कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्राली और जेसीबी की मदद से कूड़ा गिरा रहे हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली जब्त कर ली गई और मालिक पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं जेसीबी को भी जब्त कर उसके मालिक पर ₹1,00,000 का भारी जुर्माना ठोंका गया।

साफ-सफाई में जनता की भागीदारी जरूरी 

प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने ग्रेटर नोएडा के सभी निवासियों से अपील की है कि वह अपने शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि "कृपया कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही फेंकें, सड़क किनारे या खाली जगहों पर गंदगी फैलाना ना केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि हमारे शहर की सुंदरता और स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है।"

रोज़ाना होगी निगरानी

महाप्रबंधक आर.के. भारती ने स्वास्थ्य निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि शहर में रोज़ाना निगरानी की जाए और कहीं भी अवैध रूप से कूड़ा फेंकने वालों पर बिना किसी चेतावनी के कड़ी कार्रवाई की जाए। इससे न सिर्फ गंदगी रुकेगी, बल्कि लोगों में जिम्मेदारी का भाव भी बढ़ेगा।

अब ग्रेटर नोएडा में गंदगी फैलाना महंगा पड़ेगा

यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश है कि अब ग्रेटर नोएडा में गंदगी फैलाना महंगा पड़ेगा। प्राधिकरण न केवल जुर्माना लगाएगा बल्कि जरूरत पड़ी तो मशीनें व गाड़ियाँ भी जब्त की जाएंगी। ऐसे में जरूरी है कि सभी नागरिक मिलकर इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *