नोएडा के वृद्धाश्रम में क्रूरता, तहखाने जैसे कमरे में हाथ-पैर बांधकर बुजुर्गों को किया बंद

- Nownoida editor1
- 27 Jun, 2025
Noida: घर से निकाले गए और सुकून की तलाश में वृद्धाश्रम पहुंचे बुजुर्गों के साथ क्रूरता करने का मामला सामने आया है। नोएडा सेक्टर-55 में जनकल्याण ट्रस्ट की ओर से संचालित आनंद निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम में कई बुजुर्गों को तहखाने जैसे कमरों में हाथ-पैर बांधकर रखा गया था और बाहर से ताला लगा था। वायरल वीडियो देखकर जब राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने पुलिस के साथ वृद्ध सेवा आश्रम पहंची तो वहां उनके होश उड़ गए। 
अधिकतर बुजुर्ग अमानवीय हालात में रहने को मजबूर
मीनाक्षी भराला ने आश्रम को अपंजीकृत करार देते हुए प्रशासन को इसे सील करने और सभी 39 बुजुर्गों को दूसरे वृद्धाश्रम में भेजने के निर्देश दिए। हालांकि बाद में समाज कल्याण अधिकारी की ओर से की जांच में आश्रम के पंजीकृत होने की बात सामने आई है। वहीं, आश्रम के निरीक्षण के बाद मीनाक्षी भराला ने कहा कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर आश्रम के अंदर के वीडियो और फोटो वायरल हुए थे। जिसमें एक महिला के हाथ बंधे दिख रहे थे। वीडियो वायरल करने वाले का दावा था कि आनंद निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम में अधिकतर बुजुर्ग अमानवीय हालात में रहने को मजबूर किया जा रहा है।
वायरल वीडियो और फोटो का संज्ञान लेकर मारा छापा
वीडियो और फोटो पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने संज्ञान लेकर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण करने नोएडा पहुंचीं। मीनाक्षी ने बताया कि आश्रम के संचालक मौके पर किसी तरह के दस्तावेज नहीं दिखा सके। निरीक्षण के दौरान पता चला कि यह वृद्ध आश्रम वर्ष 1994 से संचालित है। उन्होंने सभी वृद्धों को दूसरे आश्रम में शिफ्ट कर शुक्रवार को आश्रम सील करने के निर्देश दिए हैं। वृद्ध आश्रम को सील कर सभी बुजुर्गों को अन्य वृद्ध आश्रम में शिफ्ट किया जा रहा है।
मल-मूत्र से सने मिले बुजुर्गों के कपड़े
मीनाक्षी भराला ने बताया कि आश्रम में बुजुर्गों की देखभाल के लिए स्टाफ नहीं रखा गया था। कई बुजुर्गों के कपड़े मल-मूत्र से सने थे। खुद को नर्स बता रही महिला से सख्ती से पूछा गया तो उसने अपने आपको 12वीं पास बताया। आश्रम में नियम कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। वहीं, समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि यूपी महिला एवं बाल विकास विभाग नियंत्रण बोर्ड से आश्रम पंजीकृत मिला है। पंजीकरण एक नवंबर 2023 को कराया गया है।
वृद्ध सेवा आश्रम को सील किया जाएगा
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट मीडिया सेल ने बताया कि गुरुवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला द्वारा अपनी टीम व पुलिस बल के साथ आनन्द निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम सेक्टर 55 नोएडा की शिकायत प्राप्त होने पर औचक निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान वृद्ध सेवा आश्रम में अनियमिताएं पायी गयी है। जिसके सम्बन्ध में प्रशासन के सहयोग से वृद्ध सेवा आश्रम को सील करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को शासन द्वारा मान्यता प्राप्त अन्य वृद्ध आश्रम में शिफ्ट किया जायेगा। अन्य अग्रिम कार्यवाही उत्तर प्रदेश महिला आयोग द्वारा प्रशासन के सहयोग से की जा रही है। उक्त प्रक्रिया में अपेक्षित पुलिस सहयोग प्रदान किया जायेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *