गाजियाबाद में फैक्ट्री और होटल में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

top-news
समय रहते आग पर पाया काबू

Gaziabad: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सुबह-सुबह बड़ा हादसा टल गया। गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह आग लगने की दो बड़ी घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना साहिबाबाद लिंक रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की एक पेपर फैक्ट्री में हुई, जहां सुबह तड़के अचानक आग भड़क गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं। आग बुझाने का काम अभी भी जारी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।


आग लगते ही होटल से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

दूसरी घटना साहिबाबाद क्षेत्र के होटल प्लूटो में हुई, जहां सोमवार सुबह चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगते ही होटल में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के समय होटल में कई लोग मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पांच दमकल वाहनों की मदद से फायर टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि होटल में मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


आग लगने के कारण अभी पता नहीं

दोनों घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल दोनों ही स्थानों पर दमकल कर्मी मौजूद हैं और कूलिंग का काम जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन और फायर विभाग की टीमें घटनास्थलों पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि संभवतः शार्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि आग कैसे लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *