Noida में चला मोबाइल रिकवरी ऑपरेशन, इतने गुमशुदा स्मार्टफोन लौटाए असली मालिकों को!
- Rishabh Chhabra
- 12 Jul, 2025
नोएडा में गुम हुए मोबाइल फोन अब अपने असली मालिकों को मिल रहे हैं। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सर्विलांस टीम और थाना फेस-2 पुलिस ने मिलकर 100 कीमती स्मार्टफोन ढूंढ निकाले और जनता को वापस लौटाए।
नोएडा की जनता के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। जिन लोगों के कीमती स्मार्टफोन कहीं गिर गए थे या चोरी हो गए थे, अब उनमें से 100 लोगों को उनका मोबाइल वापस मिल गया है। यह सब मुमकिन हुआ है पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व और डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में। इसके साथ ही, अपर पुलिस उपायुक्त हृदेश कठेरिया की निगरानी में सर्विलांस सेल और थाना फेस-2 पुलिस ने मिलकर इस सराहनीय काम को अंजाम दिया है।
100 से ज्यादा स्मार्टफोन असली मालिकों को सौंपे
शनिवार को फेस-2 थाना क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान 100 से ज्यादा स्मार्टफोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए। ये वे मोबाइल थे जो किसी के बाजार में खरीदारी करते हुए, किसी के ई-रिक्शा में सफर करते हुए या किसी शादी-समारोह में नाचते-गाते वक्त गिर गए थे।
कहां-कहां से मिले ये मोबाइल?
इन मोबाइल फोनों की कहानियां भी उतनी ही दिलचस्प हैं, जितनी मेहनत उन्हें ढूंढने में लगी-
कुछ फोन बाजारों, सब्जी मंडियों या मेट्रो में सफर के दौरान गिर गए थे।
कई लोग बाइक चलाते समय फोन ढीली जेब में रख लेते हैं, जो ब्रेकर पर उछल कर गिर जाते हैं-ऐसे केस भी सामने आए।
ई-रिक्शा की सवारी करते समय या सुबह-शाम पार्क में टहलते समय भी कई मोबाइल गुम हुए।
कुछ मोबाइल खुले में काम करने वाले मजदूरों या कारीगरों के थे, जो काम खत्म कर भूल गए थे।
मंदिर, मस्जिद या गुरुद्वारों में पूजा करते वक्त भी कई लोग अपने फोन भूल बैठे थे।
बच्चों ने खेलते समय कहीं रख दिए, तो कुछ लोग शराब के नशे में फोन गिरा बैठे।
शादी-ब्याह के नाच-गाने में मस्ती के दौरान भी कई फोन गुम हो गए थे।
पुलिस की मेहनत लाई लोगों के चेहरों पर मुस्कान
इन सभी मोबाइलों को तलाशने में नोएडा पुलिस की सर्विलांस टीम ने गजब की तकनीकी समझ और मेहनत दिखाई है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्टों को गंभीरता से लिया गया और मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उन्हें खोजा। फिर मालिकों से संपर्क कर मोबाइल वापस दिए गए।
जनता ने पुलिस की पहल पर जताया आभार
वहीं अपने खोए हुए मोबाइल पाने वाले लोग काफी भावुक नजर आए। कई ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन वापस मिल सकेगा। किसी के फोन में जरूरी ऑफिस डेटा था, तो किसी के लिए वह फोन यादों का खजाना था।
इस अभियान से एक संदेश भी मिलता है कि अपने फोन को सुरक्षित रखें और भीड़-भाड़ वाली जगहों में सतर्क रहें। अगर फोन गुम हो जाए, तो पुलिस को रिपोर्ट जरूर करें। नोएडा पुलिस जैसी सतर्क और तकनीक-सक्षम टीम आपकी मदद के लिए तैयार है। नोएडा पुलिस की इस पहल से न केवल जनता में विश्वास बढ़ा है, बल्कि यह साबित हुआ है कि अगर इरादा हो, तो खोई चीजें भी वापस मिल सकती हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






