Greater Noida: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट का जागरूकता अभियान तेज, साइबर से सड़क तक सुरक्षा की सीख, बेटियां अब रहेंगी निडर

top-news
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की महिला सुरक्षा टीम ने सोमवार को गांवों, सोसाइटियों, स्कूलों और बाजारों में जाकर महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा व साइबर क्राइम से बचाव के प्रति जागरूक किया।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की महिला सुरक्षा टीम ने सोमवार को गांवों, सोसाइटियों, स्कूलों और बाजारों में जाकर महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा व साइबर क्राइम से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं को मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पर्चे वितरित किए गए।


गौतमबुद्धनगर में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में और डीसीपी महिला सुरक्षा तथा एडीसीपी महिला सुरक्षा के नेतृत्व में सोमवार को जिले के कई थानों की महिला बीट अधिकारियों ने जगह-जगह जाकर महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया। यह अभियान गांवों, सोसाइटीज, स्कूलों, कॉलेजों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों में चलाया गया। महिला सुरक्षा टीम ने वहां महिलाओं और लड़कियों से बातचीत की और उन्हें बताया कि कैसे वे अपने आसपास होने वाले अपराधों के खिलाफ आवाज उठा सकती हैं।


महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की दी जानकारी


अधिकारियों ने सभी को मिशन शक्ति, शुभ मंगल योजना, साइबर सुरक्षा और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा महिला सुरक्षा टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबर-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, आपात सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और वन स्टॉप सेंटर-181 जैसे जरूरी नंबर भी बताए।


हेल्पलाइन नंबरों के बांटे पर्चे


इन नंबरों के पर्चे (पंपलेट) भी महिलाओं को बांटे गए ताकि वे इन्हें सुरक्षित रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद ले सकें। महिला बीट अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि अगर कोई महिला या बच्ची किसी तरह की परेशानी में है तो वह डरने या चुप रहने की बजाय तुरंत इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं। महिला सुरक्षा टीम ने यह भी समझाया कि चुप रहना अपराधियों को बढ़ावा देना होता है। अगर किसी को साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग, फोन पर अश्लील मैसेज या किसी अन्य तरह की परेशानी हो रही हो तो वह तुरंत शिकायत करें ताकि उसे समय पर सहायता मिल सके।


पुलिस कमिश्नरेट का यह अभियान महिलाओं को न सिर्फ जागरूक बना रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है। टीम का उद्देश्य है कि हर महिला खुद को सुरक्षित महसूस करे और कानून का सही इस्तेमाल करना सीखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *