ग्रेनो की इस सोसाइटी की लिफ्ट बनी जंग का अखाड़ा, छात्रों के बीच जमकर चले लात-घूसे

top-news
मिगसन विन सोसाइटी का मामला

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी की लिफ्ट में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की मिगसन विन सोसाइटी में सोमवार देर रात छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। इसके बाद सोसाइटी की लिफ्ट में दोनों तरफ से गाली गलौज और जमकर लात-घूंसे चले। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में घुस रहे कुछ युवक नशे में धुत थे और इसी वजह से विवाद हुआ। सूचना पर सूरजुपर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। अब इस मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।


किराए पर सोसाइटी में रहते हैं छात्र 

पुलिस ने बताया कि मिगसन विन सोसाइटी में भाषा को लेकर छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया। सभी आरोपी छात्र हैं और सोसाइटी में किराये पर रहते हैं। सोमवार रात करीब 12 बजे टावर सन-7 की लिफ्ट के पास छात्रों के दो गुट खड़े थे। तभी केरल के छात्रों ने दूसरे पक्ष पर अपनी भाषा में कुछ गलत बोल दिया, जिसपर कहासुनी शुरू हो गई थी। इसके बाद लिफ्ट में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई फिर जमकर मारपीट की।


4 छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया

वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो छात्रों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 19 से 20 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *