थाई महिला का व्यापार मॉल इंचार्ज ने किया बर्बाद, ब्रोक्रेज मनी नहीं देने पर तोड़ दी तीन दुकानें
- Shiv Kumar
- 18 Jul, 2025
Noida: नोएडा में रह रही थाई महिला अजर्रा सियामावत्ता ने आयुक्त कार्यालय में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पिछले छह वर्षों से वैध OCI कार्ड के माध्यम से नोएडा में रह रही है। यहां अपनी बेटी के साथ अजर्रा एथनिक के नाम से कपड़ों का व्यापार स्पेक्ट्रम मॉल में करती है।
महिला ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने मेहनत से तीन दुकानें स्थापित की थीं और उनके संचालन की गुणवत्ता में सुधार शुरू किया था। इसी दौरान मॉल ऑपरेशन इंचार्ज अमित त्यागी ने उनसे अवैध रूप से ब्रोकरेज मनी की मांग की। जब महिला ने यह रकम देने से मना किया तो आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। महिला को व्यापार छोड़ने के लिए मजबूर किया गया और 25 मई को उनकी दुकानें पूरी तरह से तोड़ दी गईं। दुकानें बंद होने से 130 से अधिक डिजाइनर कपड़े खराब हो गए जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आरोप लगाया गया है कि अमित त्यागी की लापरवाही और दबाव के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
महिला ने बताया कि उन्होंने कार्यालय में पहुंचकर सहायता मांगी और तब उनसे 1,50,000 रुपये की ब्रोकरेज मनी मांगी गई। इसके बाद उन्हें और उनके साथियों को बार-बार कार्यालय बुलाकर परेशान किया गया। यहां तक कि चार महीने पहले जब वह एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने गईं तो उन्हें कार्यालय से जबरन बाहर निकाल दिया गया।
सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि उनके द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और सबूत अब ऑनलाइन लीक कर दिए जाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने इस बात की आशंका जताई है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो यह वीडियो उनके खिलाफ इस्तेमाल कर उनकी प्रतिष्ठा और नागरिक अधिकारों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। महिला ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन से अनुरोध किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें व्यापार पुनः शुरू करने की अनुमति दी जाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







