Noida: डिजिटल धोखे का पर्दाफाश, साइबर पुलिस के शिकंजे में ठग, ऐसे कम्पनी का डाटा चुराकर करता रहा था खेल!
- Rishabh Chhabra
- 31 Jul, 2025
नोएडा की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर अपराधों पर नकेल कसते हुए एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो एक नामी पैकर्स एंड मूवर्स कम्पनी का डाटा चुराकर फर्जीवाड़ा कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के हिसार जिले से पकड़ा है। अभियुक्त की पहचान हवा सिंह पुत्र चतर सिंह के रूप में हुई है।
मोबाइल, फर्जी दस्तावेज और विजिटिंग कार्ड मिले
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, कुछ कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज और 4 विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को कम्पनी द्वारा की गई शिकायत पर अंजाम दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
वादी (शिकायतकर्ता) ने 18 जून 2025 को साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी थी कि कोई व्यक्ति उनकी कम्पनी APML (एपीएमएल) का डाटा चुराकर ग्राहकों को कॉल कर रहा है। वह खुद को कम्पनी का कर्मचारी बताकर घरेलू सामान ट्रांसपोर्ट करने की बात कहता है और इस तरह से कम्पनी की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।
कम्पनी का लॉग-इन सिस्टम हैक कर चुराया डाटा
वहीं गिरफ्तार किए गए पूछताछ में चौंकाने वाली बात सामने आई। अभियुक्त हवा सिंह पहले APML कम्पनी में ही काम करता था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने खुद की पैकर्स एंड मूवर्स कम्पनी शुरू की और वेब सीरीज देखकर डाटा हैक करने की तरकीबें सीखीं।
इसके बाद उसने कम्पनी के ऐप की लॉग-इन आईडी और पासवर्ड को किसी तकनीकी तरीके से क्रैक कर लिया। इसी माध्यम से उसने कम्पनी का संवेदनशील ग्राहक डाटा चुराया और उन्हें कॉल कर फर्जी तौर पर ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा देने लगा। इससे कम्पनी को आर्थिक और ब्रांड की छवि दोनों तरह का नुकसान हुआ।
कर्मचारी बनकर ग्राहकों को कॉल कर करता था गुमराह
आरोपी हवा सिंह खुद को कम्पनी का पुराना कर्मचारी बताकर ग्राहकों से बातचीत करता था। उसने विजिटिंग कार्ड और दस्तावेज भी ऐसे तैयार किए थे, जिससे लोग भ्रमित हो जाएं। पुलिस के मुताबिक, इस चालाकी के पीछे आरोपी का उद्देश्य था कि वह कम्पनी के ग्राहक को खुद की सर्विस से जोड़ सके और आर्थिक लाभ कमा सके।
पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को हरियाणा के हिसार जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस तरह के साइबर अपराधों को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और डाटा की सुरक्षा के प्रति सभी कम्पनियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
जांच जारी, और भी खुलासों की उम्मीद
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति भी इस फर्जीवाड़े में शामिल था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उसने किसी अन्य कम्पनी का डाटा तो नहीं चुराया।
इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता और व्यवसायिक संस्थानों से अपील की है कि वे अपने डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को मजबूत करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर सेल को दें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






