Noida: जेवर के रामपुर मार्ग पर जलभराव बना मुसीबत, स्कूली बच्चों का सफर बना संघर्ष

top-news
नोएडा के जेवर क्षेत्र के रामपुर मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या अब लोगों के लिए रोज़ की परेशानी बन गई है।

नोएडा के जेवर क्षेत्र के रामपुर मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या अब लोगों के लिए रोज़ की परेशानी बन गई है। यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकला है। हालत यह है कि सड़क का करीब 50 मीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ है, जिससे पैदल चलना तो दूर, साइकिल या दुपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है।


जलभराव का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा


इस जलभराव का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को हर दिन गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनके कपड़े और जूते गंदे हो जाते हैं। इसके अलावा, फिसलने और गिरने का खतरा भी हर वक्त बना रहता है। यह समस्या जेवर तहसील कार्यालय से महज 700 मीटर दूर रामपुर गांव की ओर जाने वाली सड़क पर है। खास बात यह है कि इस मार्ग पर करीब 300 मीटर आगे एक स्कूल भी स्थित है। स्कूल के सामने की सड़क पर भारी कीचड़ जमा है और बारिश होने पर स्थिति और भी बदतर हो जाती है।


अधिकारियों से की गई शिकायत पर मिला सिर्फ आश्वासन


स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत की है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। किसी ने भी सड़क की सफाई या जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की।


रामपुर गांव के निवासी मनोज कुमार का कहना है, "हर दिन बच्चे कीचड़ से होकर स्कूल जाते हैं। कई बार तो गंदे पानी में उनका बैग और किताबें तक गिर जाती हैं।"


वहीं एक महिला रीना देवी ने बताया, "हमने प्रधान से लेकर अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अगर किसी बच्चे को कुछ हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?"


ग्रामीणों ने प्रशासन से की ये मांग


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। खासकर स्कूल के आसपास कीचड़ और गंदे पानी को साफ कर दिया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और साफ रास्ता मिल सके। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़ा विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


फिलहाल बारिश का मौसम जारी है और जलभराव की स्थिति हर दिन और खराब होती जा रही है। अगर अब भी जिम्मेदार विभागों ने ध्यान नहीं दिया, तो यह समस्या किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।


लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन अब इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज नहीं करेगा और जल्द कोई कार्रवाई करेगा, ताकि स्कूली बच्चों और राहगीरों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *