बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष, ग्रेनो की इस सोसाइटी के लोग परेशान

top-news
Noida news

Greater Noida:  ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित  एरोस सम्पूर्णम सोसाइटी के निवासी लगातार चौथे सप्ताह शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। यह आंदोलन  वीसीएएम चार्ज हटाने, डीजी बिजली संकट खत्म करने, पानी की किल्लत दूर करने और खराब मेंटेनेंस सेवाओं में सुधार को लेकर है।

पहले सप्ताह आंदोलन के दौरान निवासियों ने एस्टेट मैनेजर  बाबिश को अपना ज्ञापन सौंपा, लेकिन एरोस हायर मैनेजमेंट ने सभी मांगों को सिरे से नकार दिया। दूसरे सप्ताह, निवासियों ने सेक्टर-3 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। तीसरे सप्ताह, वादे के बावजूद बिल्डर और निवासियों के बीच कोई बैठक नहीं हुई।

अब तक न तो नेहरू प्लेस स्थित हेड ऑफिस और न ही बिल्डर का कोई प्रतिनिधि निवासियों से मिलने आया है, बल्कि उल्टा बिल्डर निवासियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। 01 अगस्त 2025 को निवासियों ने एसीपी बिसरख को पत्र सौंपकर आंदोलन जारी रखने की अनुमति और सहयोग का आश्वासन प्राप्त किया।

इसके बावजूद, 02 अगस्त 2025 को कुछ निवासियों को BNSS 126/135 का नोटिस मजिस्ट्रेट द्वारा सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज श्री अजय कुमार सिंह की सिफारिश पर भेजा गया, जो पहले निवासियों और प्रबंधन के बीच मध्यस्थता में शामिल थे।

आज के आंदोलन में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कई मीडिया चैनलों ने आंदोलन का लाइव कवरेज किया। यह विरोध एरोस सेल्स ऑफिस के बाहर हुआ, ताकि उच्च प्रबंधन को स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि यदि वे वार्ता के लिए आगे नहीं आए, तो आंदोलन अगले रविवार 10 अगस्त 2025 को भी जारी रहेगा।

निवासियों ने दो टूक कहा कि चाहे बिल्डर अपनी ताकत और पैसे का इस्तेमाल करके आंदोलन रोकने की कोशिश करे, वे अपनी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। साथ ही, निवासियों ने मजिस्ट्रेट कार्यालय और एसीपी बिसरख से मुलाकात कर 126/135 नोटिस के संबंध में अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *