चीनी नागरिकों के साथ मिलकर साइबर ठगी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार, एसटीएफ की पूछताछ में किया बड़ा खुलासा

top-news
तीन शातिर ठगों को ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर के पास से किया गया गिरफ्तार

Greater Noida: विदेशी और चीनी नागरिकों को गेमिंग, ट्रेडिंग, लोनिंग ऐप और डिजिटल अरेस्ट द्वारा धोखाधड़ी करने के लिए भारतीय नागरिकों के बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का नोएडा एसटीफ ने पर्दाफाश किया है। तीन शातिर ठगों को ग्रेटर नोएडा सूरजपुर के पास से गिरफ्तार किया है। नवकरन सिंह सुलखान निवासी गुरुग्राम, तन्मय अली निवासी बुलंदशहर और शाकिब शेख निवासी महाराष्ट्र ने हरियाणा में भी डिजिटल अरेस्ट कर करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया था। इनके पास से 1 लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन,1 पासपोर्ट,5 आधार कार्ड, 4 सिम कार्ड, 22 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नगदी समेत अन्य दस्तावेज़ बरामद हुए हैं।


सिविल इंजीनियर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्त नवरत्न सिंह खुराल ने पूछताछ में बताया उसने बीटेक/सिविल इंजीनियरिंग किया हुआ है। वर्ष 2016-17 में एक प्राइवेट कम्पनी में जॉब किया था, उसके बाद अपनी कन्सट्रक्शन कम्पनी खोलकर सामुदायिक शौचालय बनाने का काम प्रारम्भ कर दिया था। इसके बाद फेसबुक पर यूएसडीटी सम्बन्धित विज्ञापन देखकर उनमें रुचि लेने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात टेलीग्राम ऐप के माध्यम से डीकेके, मैगी हू, जियांग, केटीएम चायनीज व्यक्ति से होने लगी। इसे बातचीत प्रारम्भ हो गयी। चायनीज व्यक्तियों ने उसको भारतीय नागरिकों से अवैध रूप से धन प्राप्त करने के सम्बन्ध में बताया। तभी से वह भारतीय नागरिकों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है।
नेपाल में बैठे चीनी नागरिकों को उपलब्ध कराते थे बैंक खाते

नवरत्न ने बताया कि ये चाईनीज नागरिक नेपाल में रहकर अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। जानकारी करने पर विदित हुआ है कि अभियुक्त नवरत्न सिंह खुराल का एक दोस्त सिद्वार्थ है, जो लखनऊ में रहता है। सिद्वार्थ के माध्यम से ही नवरत्न सिंह खुराल सिंह की मुलाकात तनवीर से हुई थी। इसके अलावा अभियुक्त शाकिब की मुलाकात नवरत्न सिंह खुराल से चीनी नागरिक द्वारा टेलीग्राम ऐप पर कराई गयी थी।

USDT क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से हवाला करते थे

नोएडा एसटीएफ ने बताया कि ठगी के इस कार्य के लिए चायनीज व्यक्तियों को भारतीय नागरिकों के बैक खातों की आवश्यकता होती है। जिनमें धोखाधड़ी से प्राप्त किये गये धन को ट्रान्सफर किया जाता है। गिरफ्तार किये गये तीनों व्यक्तियों द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय लेनदेन में Fema व अन्य वित्तीय नियमो से बचने के लिए यह लोग USDT क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से हवाला के जरिये भारतीय सुरक्षा एजेन्सियों की नजरों से बच कर धन का आदान प्रदान करते हैं।

नवरत्न सिंह खुराल को अभियुक्त तनवीर और शाकिब द्वारा भारतीय नागरिकों के बैक खाते एवं उनकी समस्त जानकारी उपलब्ध कराये जाते हैं। नवरत्न सिंह खुराल जानकारी और दस्तावेज चीनी नागरिकों को भेज देता है, जो नेपाल और थाईलैण्ड में बैठकर भारतीय नागरिकों से फ्रॉड करके धन की प्राप्ति करते हैं। इस कार्य के लिए चीनी नागरिकों से आरोपियों को अच्छा कमीशन प्राप्त होता है।

हरियाणा की महिला को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे थे 6 करोड़

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा राज्यों में भी नेटवर्क है, जहाँ से ये विभिन्न श्रोतों से भारी संख्या में MULE एकाउन्ट प्राप्त करके सीमापार बैठे चीनी नागरिकों को पैसे के बदले में उपलब्ध करा रहे थे। नवरत्न सिंह खुराल ने बताया कि सितम्बर 2024 में गुरूग्राम हरियाणा में एक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर पोने 6 करोड़ रूपये की ठगी की थी। इस सम्बन्ध में थाना साईबर क्राइम ईस्ट गुरूग्राम हरियाणा में मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *