नोएडा-ग्रेनो में यमुना का कहर जारी, 14 से अधिक गांव बाढ़ के पानी में समाए, 20 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
गौतमबुद्ध नगर में बाढ़ का कहर
- Shiv Kumar
- 04 Sep, 2025
Noida: गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण बुधवार को यमुना उफान पर रही और लगभग पूरा डूब क्षेत्र पानी में समा गया। नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा और जेवर तक के 14 से अधिक गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
20 हजार से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए
जिला प्रशासन ने राहत-बचाव अभियान चलाकर डूब क्षेत्र से अब तक 20,000 से अधिक लोगों को बाहर निकाला है। इनमें से करीब 2,500 लोगों को प्रशासन ने शरणालयों में ठहराया है, जबकि हजारों लोग पुश्ते पर तिरपाल डालकर अस्थायी रूप से रह रहे हैं। इसके अलावा 3,000 से अधिक मवेशियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें से 1,471 गोवंश को पुश्ता शिविरों में पहुंचाया गया।
जलस्तर खतरनाक स्तर के करीब
ओखला बैराज पर बुधवार शाम पानी का स्तर 200.20 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से महज 0.40 मीटर नीचे है। लगातार हो रही बारिश और बैराज से छोड़े जा रहे पानी के कारण हालात और बिगड़ने का अंदेशा है। शाम तक यमुना का पानी पुश्ते तक पहुंच चुका था।
सेक्टर-150 में परिवार 20 घंटे फंसा रहा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 डूब क्षेत्र में किसान जितेंद्र और उनके परिवार के दो सदस्य फसल बचाने के चक्कर में अचानक आई बाढ़ में फंस गए। तीनों ने खेत में बने मचान पर शरण ली और 20 घंटे तक वहीं फंसे रहे। बुधवार को उनका वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पांच घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उन्हें नाव की मदद से बाहर निकाला गया। उनके साथ मवेशियों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया। इसी तरह पुश्ते पर डेरा डाले लोग बारिश से और परेशान हो गए। तिरपाल के नीचे बैठे लोगों का सामान भीग गया। प्रशासन की ओर से तिरपाल वितरित किए गए हैं, लेकिन प्रभावित परिवारों की संख्या अधिक होने के कारण पर्याप्त इंतजाम नहीं हो सके।
राहत और बचाव कार्य
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में छह रिस्पांस टीमें और एक एंटी स्नेक वेनम टीम तैनात की हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाए।
पहले दिन खुजली, सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज पहुंचे। क्लोरीन की गोलियां बांटी गईं और पीने के पानी की जांच की गई। एक मरीज को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर जारी कर दिए। कोई भी प्रभावित व्यक्ति 0120-2978231, 32 और 33 पर कॉल करके मदद ले सकता है। इसके साथ ही दादरी और सदर तहसील की टीमों ने प्रभावित परिवारों में लगभग 300 राहत किट वितरित कीं।
हिंडन नदी का भी कहर
यमुना के साथ-साथ हिंडन नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। चोटपुर और छिजारसी समेत आसपास के इलाकों में घरों में पानी घुस गया। कई लोग अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां चले गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था और दोपहर तक कई घर पानी में डूब गए।
नोएडा शहर में जलभराव
तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में पानी भर गया। कर्मचारी जूते हाथ में लेकर विभागों के बीच आवाजाही करते दिखे। कुछ लोग ई-रिक्शा लेकर दफ्तर के अंदर तक पहुंचे। औद्योगिक क्षेत्रों और कई सेक्टरों की सड़कें घंटों जलमग्न रहीं। डीएनडी, उद्योग मार्ग, सेक्टर-59, 62, मॉडल टाउन गोलचक्कर, सेक्टर-27 से 37, सेक्टर-60, 71, 32 अंडरपास और दलित प्रेरणा स्थल के सामने पानी जमा रहा। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही।
सोसाइटियों में बिजली फॉल्ट
बारिश और जलभराव से कई सेक्टरों और सोसाइटियों में बिजली फॉल्ट हो गया। सेक्टर-78, 44, 56, 119, 150 और 135 की कई सोसाइटियों—जैसे महागुन मेजरिया में घंटों बिजली गुल रही।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






