दीपावली से पहले नोएडा को मिलेंगी 20 एसी बसें, आठ साल बाद फिर होगी शुरुआत
- Nownoida editor1
- 06 Sep, 2025
Noida: दीपावली से पहले यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। नोएडा डिपो से 20 वातानुकूलित (एसी) बसों की शुरुआत होगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ से गौतमबुद्ध नगर को पत्र भेजा गया है। टू-बाई-टू वातानुकूलित बसें कानपुर में पंजीकरण के बाद नोएडा पहुंचेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि बसों का निरीक्षण हो चुका है और अब पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। रजिस्ट्रेशन के बाद ड्राइवर भेजकर बसों को नोएडा मंगाया जाएगा। बसें डीजल हैं या इलेक्ट्रिक, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं, आज से मुख्यमंत्री ग्रामीण सेवा की शुरुआत हो रही है। इसके तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में बसें चलेंगी। जिसके लिए नया रूट निर्धारित किया गया है। इस सेवा की दूरी 75 से 80 किलोमीटर होगी। इतना नहीं, इस रूट पर चलने वाली बसों का किराया 20 फीसदी कम होगा।
तय होंगे नए रूट
फिलहाल लखनऊ, आगरा और मथुरा के लिए एसी बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। अन्य शहरों के लिए रूट बाद में तय होंगे। नई बसों में यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा। टू-बाई-टू सीटिंग व्यवस्था में हर पंक्ति में दोनों ओर दो-दो सीटें होंगी, जिससे थ्री-बाई-टू बसों की तुलना में यह अधिक सुविधाजनक और आरामदायक साबित होंगी।
इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग मशीन
नोएडा डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग मशीनें पहले ही लगाई जा चुकी हैं। अभी आठ डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की सुविधा है। सामान्य इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी चार्जिंग स्टेशन की तैयारी की जा रही है। नोएडा डिपो से निजी ऑपरेटर की वातानुकूलित जनरथ बसें वर्ष 2017 तक चलती थीं। घाटे का हवाला देकर सेवा बंद कर दी गई थी। आठ साल बाद एक बार फिर नोएडा से एसी बसों का संचालन शुरू होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







