यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का सीएम योगी ने लिया जायजा, शटल बस सेवा से जोड़ने के दिए निर्देश

top-news
डीएम मेधा रूपम ने व्यवस्थाओं और सुविधाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया, वहीं पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में अवगत कराया।

Greater Noida: नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) की तैयारियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्सपो मार्ट को शटल बस सेवा से जोड़ने और इसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा व दिल्ली के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों सहित आसपास के शहरों से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नॉलेज पार्क में नासा के पास बनाए गए पार्किंग स्थल से भी शटल सेवा उपलब्ध कराने के लिए कहा।

एक घंटे तक किया निरीक्षण
सीएम योगी शुक्रवार दोपहर करीब 1.37 बजे एक्सपो मार्ट पहुंचे और लगभग एक घंटे तक पूरे आयोजन स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ई-कार्ट में बैठकर पूरे परिसर का जायजा लेते रहे। उनके साथ एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद डॉ. महेश शर्मा और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार ने पावर प्रजेंटेशन के जरिए मुख्यमंत्री को अब तक की तैयारियों और वीआईपी मूवमेंट की जानकारी दी। डीएम मेधा रूपम ने व्यवस्थाओं और सुविधाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया, वहीं पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में अवगत कराया।

ब्रांडिंग और विद्यार्थियों की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्रांडिंग के कार्य को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों में इस आयोजन की ब्रांडिंग व्यापक स्तर पर की जाए। साथ ही जीबीयू (गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय) के विद्यार्थियों को भी इस शो से जोड़ा जाए, ताकि युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

विदेशी मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम
सीएम योगी ने कहा कि विदेशी बायर्स और मेहमानों के लिए विशेष ख्याल रखा जाए। उनकी सुरक्षा, आवास, परिवहन और संपूर्ण अनुभव को सहज और स्वागतपूर्ण बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगंतुकों को सुरक्षा, मार्गदर्शन और सुविधा की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उत्तर प्रदेश की छवि मजबूत हो सके और यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *