कार से सोसाइटियों में रेकी और सूने मकान से चोरी, नोएडा में पकड़ा गया अंतरराज्यीय गैंग

top-news
तीनों पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और अब तक ये 150 से ज्यादा चोरी की वारदात कर चुके हैं।

Noida: नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह कार से रेकी कर सूने फ्लैटों और मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान और चोरी में इस्तेमाल कार बरामद की है। तीनों पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और अब तक ये 150 से ज्यादा चोरी की वारदात कर चुके हैं।

फ्लेक्स अपार्टमेंट की चोरी से खुला राज
एडिशनल डीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि हाल ही में सेक्टर-62 स्थित फ्लेक्स अपार्टमेंट की दीवार काटकर चोरों ने लाखों रुपये के गहने व नकदी चोरी की थी। वारदात को बेहद पेशेवर अंदाज में अंजाम दिया गया था। इसके बाद एसीपी स्वतंत्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-62 डी पार्क के पास कार में तीन संदिग्ध चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह अंतरराज्यीय चोर गिरोह है, जो दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सक्रिय था।

पुलिस से बचने के लिए बदलते थे नाम
एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भलस्वा कॉलोनी दिल्ली निवासी मोनू उर्फ अनिल (28), बबलू उर्फ कलुआ उर्फ संतोष उर्फ सोमचंद उर्फ पंकज (38) और रोहिणी निवासी रघु उर्फ गोलू उर्फ रौकी उर्फ कुलदीप (34) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि  आरोपी सेक्टर-62 के डी पार्क के पास चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए थे। कुछ अन्य साथियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अपने एक से अधिक नाम इसलिए रखे हैं ताकि वह पुलिस से बचे रहें। इनके खिलाफ अलग-अलग नामों से आपराधिक इतिहास दर्ज मिले हैं।

चोरी का सामान दिल्ली में बेचते थे
आरोपियों के पास से दो फर्जी नंबर प्लेट, लैपटॉप, आठ घड़ियां, चांदी के गिलास, गहने, नकदी, भगवान की मूर्ति, कटारी, पेचकस और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं और मंदिरों में भी चोरी करते रहे हैं। चोरी का सामान वे दिल्ली के बाजारों में सस्ते दामों पर बेचते थे।

नोएडा में की गई वारदातें
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 10 सितंबर को उन्होंने सेक्टर-62 फ्लेक्स अपार्टमेंट में चोरी की थी और उसी रात पास की सोसाइटी के मंदिर से दानपात्र की नकदी भी साफ कर दी थी। चोरी का सामान वे कार में भरकर दिल्ली ले जा रहे थे और रास्ते में ही कुछ सामान राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिया था। इसके अलावा 23 जून को सेक्टर-31 के निठारी गांव स्थित एक मकान से आलमारी तोड़कर नकदी और गहने चुराने की वारदात को भी तीनों ने अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *