ऑनलाइन ऑर्डर किया मशरूम चावल, युवक ने जैसे ही खाया उड़ गया होश, जानिए क्यों?
मशरूम की जगह जगह भेजा चिकन, युवक ने लगाया धर्म से खिलवाड़ का आरोप
- Shiv Kumar
- 22 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर वेज की जगह नॉनवेज भोजन डिलीवरी करने का मामला सामने आया है। डेल्टा-2 निवासी एक युवक ने जोमैटो ऐप के जरिए मशरूम राइस बाउल मंगाया था, लेकिन पैकेट खोलने पर उसमें चिकन राइस बाउल निकला। युवक का आरोप है कि उसने अनजाने में चिकन खा लिया, जिससे उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। युवक ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑर्डर में निकली बड़ी गड़बड़ी
युवक ने अपने वीडियो में बताया कि उसने कैलिफोर्निया ब्रूटो रेस्टोरेंट से मशरूम राइस बाउल ऑर्डर किया था। लेकिन डिलीवरी के बाद जब पैकेट खोला तो उसमें चिकन राइस बाउल निकला। युवक ने कहा, “मैं अक्सर इस ब्रांड से ऑर्डर करता हूं। भरोसे के चलते मैंने पैकेट पर लगे टैग को गौर से नहीं देखा। ऑर्डर आईडी बिल्कुल वही थी, लेकिन डिश नॉनवेज थी। मैंने अनजाने में चिकन खा लिया, जबकि मैं बिल्कुल भी चिकन नहीं खाता।”
धार्मिक भावनाएं आहत
युवक ने वीडियो में कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि उसके धर्म और आस्था के साथ खिलवाड़ है। उसने बताया कि घर में धार्मिक माहौल रहता है और नवरात्र भी शुरू होने वाले हैं। युवक के अनुसार, “हम मंदिर से लौटे थे और समय की कमी के कारण खाना ऑनलाइन ऑर्डर किया। लेकिन इन लोगों ने गलती से चिकन भेज दिया। यह हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।”
सोशल मीडिया पर गुस्सा, कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग युवक के समर्थन में सामने आए और ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों की लापरवाही पर सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि वेजिटेरियन और नॉनवेजिटेरियन डिश में गड़बड़ी करना गंभीर गलती है, खासकर तब जब यह किसी की धार्मिक मान्यता से जुड़ा हो। युवक ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग से मामले की शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित रेस्टोरेंट व डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एफएसडीए अधिकारियों का कहना है कि खाने-पीने की चीजों में इस तरह की गड़बड़ी गंभीर है और इससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं पर असर पड़ता है। विभाग ने युवक का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






