ग्रेटर नोएडा-ग्रेनो वेस्ट 130 मीटर रोड पर सर्विस रोड का निर्माण जल्द
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्विस रोड का निर्माण पूरा करने की विस्तृत कार्य योजना बनाई है।
- Shiv Kumar
- 22 Sep, 2025
Noida: ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से डेडीकेटेड फ्रंट कॉरिडोर (DFCC) के पास साकीपुर फ्लाईओवर तक सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क का हर दिशा में दो-दो लेन, यानी कुल सात मीटर चौड़ा मार्ग बनाया जाएगा।
130 मीटर रोड के कई हिस्सों में सर्विस रोड अधूरी है। इस वजह से वाहनों का यातायात सीधे मुख्य सड़क पर आ जाता है, जिससे ट्रैफिक दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति बनती है। इस रोड पर मौजूदा समय में भी ट्रैफिक का दबाव सबसे अधिक है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद वाहन संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्विस रोड का निर्माण पूरा करने की विस्तृत कार्य योजना बनाई है।
तिलपता गोलचक्कर से साकीपुर फ्लाईओवर तक लगभग एक किलोमीटर लंबे इस सर्विस मार्ग के निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाएगा। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि सर्विस रोड के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में इस मार्ग पर यातायात बढ़ने वाला है। इसलिए व्यस्त सड़कों को चौड़ा करने के साथ-साथ नई सड़कों के निर्माण पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 130 मीटर चौड़ी सड़क पर बस-वे के निर्माण के साथ-साथ सर्विस रोड का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






