नोएडा में तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर शिकंजा, 1500 से अधिक चालकों के लाइसेंस निलंबित

top-news
डेढ़ से 3 महीने तक लाइसेंस निलबिंत होने पर नही चला पाएंगे वाहन

Noida:तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस वर्ष अब तक 1500 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई यातायात पुलिस से मिली रिपोर्ट और विभागीय जांच के आधार पर की गई है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी चालक को नियम तोड़ने पर बख्शा नहीं जाएगा।

रील बनाने वाले 36 लाइसेंस सस्पेंड
800 चालकों के लाइसेंस ऐसे थे जो लगातार तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। इसके अलावा, 36 लाइसेंसधारक सोशल मीडिया पर रील बनाते हुए या वीडियो बनाते समय नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके लाइसेंस भी निलंबित किए गए। परिवहन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई उन चालकों के खिलाफ की गई है जिन्होंने बार-बार नियमों का उल्लंघन किया और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर सड़क सुरक्षा को खतरे में डाला। निलंबन की अवधि डेढ़ महीने से लेकर 3 महीने तक है, इस दौरान चालकों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी।

पिछले वर्ष से अधिक आंकड़ा
अधिकारियों के अनुसार, बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष लाइसेंस निलंबन की संख्या कहीं अधिक है। यह बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि सख्ती के बावजूद तेज रफ्तार और गलत तरीके से वाहन चलाने की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। विभाग का कहना है कि लोगों को नियमों का पालन कराने के लिए लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। 

सोशल मीडिया से भी मिल रहे इनपुट
आजकल सोशल मीडिया पर तेज रफ्तार, खतरनाक स्टंट और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस तुरंत रिपोर्ट तैयार कर परिवहन विभाग को भेजती है, जिसके आधार पर लाइसेंस निलंबित किए जाते हैं। इनमें स्टंटबाजी और रील बनाने वाले युवाओं की संख्या भी शामिल है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और दूसरों की जान खतरे में डालने वाली ड्राइविंग 
के मामलों में बिना किसी देरी के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई होगी। एआरटीओ प्रशासन डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया, परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें ट्रैफिक पुलिस से मिली सूची के आधार पर समय-समय पर कार्रवाई करती हैं। इस साल बड़ी संख्या में लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और यह अभियान आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *