नोएडा की बेटे ने पिता की रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, सोसाइटी के पार्क में मिला शव, जानिए क्यों दी जान?

top-news
body found in Amrapali Leisure Valley park

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली लेजर वैली सोसाइटी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोसाइटी में रहने वाले एक कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे ने पार्क में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव पार्क में बेंच के पास पड़ा मिला। पुलिस को मौके से रिवॉल्वर, मोबाइल फोन, चश्मा और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।


बेंच पर पड़ा था खून से लथपथ शव

एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि प्रियांशु चौधरी, आम्रपाली लेजर वैली सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पिता अजय चौधरी की गाजियाबाद में गैस चूल्हा बनाने की कंपनी है। सोमवार तड़के करीब 4 बजे प्रियांशु अपने फ्लैट से टहलने के बहाने बाहर निकला और सोसाइटी पार्क में पहुंच गया। सुबह-सुबह जब कुछ लोग पार्क के पास से गुजरे, तो उन्होंने बेंच के पास युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। तुरंत सोसाइटी गार्ड और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रियांशु को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। प्राथमिक जांच में पता चला कि युवक ने पिता की रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी थी।


गोवा से करना चाहता था MBA

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि प्रियांशु गोवा के एक कॉलेज से एमबीए करना चाहता था। एडमिशन न होने की वजह से वह पिछले कुछ समय से तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया। पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। हालांकि इसमें आत्महत्या के सीधे कारण स्पष्ट नहीं लिखे हैं। सुसाइड नोट में प्रियांशु ने अपने छोटे भाई से कहा है “मेरे जाने के बाद मम्मी-पापा का ध्यान रखना। मम्मी-पापा, आप भी मेरे भाई का ध्यान रखना।


परिवार पर दुखों का पहाड़

एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि अजय चौधरी के दो बेटे हैं। प्रियांशु उनका बड़ा बेटा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *