Live: पीएम मोदी ने UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन, बोले-यूपी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में आत्मनिर्भरता को मजबूती देगा
- Shiv Kumar
- 25 Sep, 2025
सीएम योगी और उनकी टीम को बधाई
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी ने अंत्योदय का मार्ग दिखाया, जिसका अर्थ है समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना और हर तरह के भेदभाव को समाप्त करना। यही अंत्योदय सामाजिक न्याय को मजबूती देता है और आज भारत इसी मॉडल को पूरी दुनिया के सामने रख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस मेले में 2,200 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस वर्ष मेले का कंट्री पार्टनर रूस है, जो भारत और रूस की समय-परीक्षित साझेदारी को और मजबूत करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
चिप से लेकर जहाज तक बनाया जाए
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि सरकार "मेक इन इंडिया" और मैन्युफैक्चरिंग को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। लक्ष्य है कि भारत में "चिप से लेकर जहाज तक" सब कुछ बनाया जाए। उन्होंने उद्योग जगत से आग्रह किया कि निर्माण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता हो, क्योंकि देशवासियों की अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं और स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता पर भरोसा मजबूत होना चाहिए। मोदी ने कहा कि आज भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें से 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में होता है। उन्होंने यह भी बताया कि यूपी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी आत्मनिर्भर भारत के अभियान को नई दिशा देने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के पास ही जल्द एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की स्थापना शुरू होगी। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर वह उत्पाद, जिसे देश में बनाया जा सकता है, उसका उत्पादन यहीं होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निवेशकों से आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश में उद्योग स्थापित करें और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों MSMEs (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों) का सशक्त नेटवर्क है, जिसका इस्तेमाल कर यहां संपूर्ण उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
पुर्जे-पुर्जे पर मेड इन इंडिया की छाप हो
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारी सेनाएं स्वदेशी उपकरणों को प्राथमिकता देती हैं और बाहरी निर्भरता कम करना चाहती हैं। इसके लिए देश में एक वाइब्रेंट डिफेंस इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिसमें यूपी बड़ी भूमिका निभा रहा है।
मोदी ने कहा कि आज भारत “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की प्रतिबद्धता के साथ उद्योगों, व्यापारियों और नागरिकों के साथ खड़ा है। उन्होंने हाल ही में जीएसटी में लागू किए गए संरचनात्मक सुधारों का उल्लेख किया और कहा कि यह बदलाव पंजीकरण को सरल बनाएंगे, कर विवाद कम करेंगे और MSMEs को तेजी से रिफंड दिलाने में मदद करेंगे। ये सुधार भारत की विकास यात्रा को नई उड़ान देंगे।
कार्यक्रम के मुख्य बिंदु
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






