ग्रेनो में पशु खरीदने निकले व्यापारी की बेहरमी से कत्ल, जंगल में मिला शव, जानिए कातिल कौन?
बिलासपुर कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया
- Shiv Kumar
- 26 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर कस्बे से दो दिन पहले लापता हुए पशु व्यापारी मोहम्मद कुरैशी (50 वर्ष) का शव नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के पास जंगल में लहूलुहान हालत में मिला। गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार से बने कई गहरे निशान थे। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोश में आकर बिलासपुर कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया।
झाड़ियों में छिपाकर रखी गई बाइक और कपड़े मिले
जानकारी के मुताबिक, शव से करीब 10 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में मृतक की बाइक, कपड़े और जूते बरामद हुए। पास रखा एक लाख रुपये गायब था। परिजनों का कहना है कि हत्या से पहले आरोपियों से बचने के लिए हाथापाई भी हुई होगी। परिवार ने सीने में गोली मारने का शक जताया है, हालांकि पुलिस ने गोली लगने की पुष्टि नहीं की है।
पशु खरीदने गए थे कुरैशी
भाई यूसुफ ने बताया कि मंगलवार दोपहर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मोहम्मद कुरैशी को पशु खरीदने के लिए बुलाया था। वह एक लाख रुपये लेकर बाइक से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद परिवार ने तलाश शुरू की और बुधवार को दनकौर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। गुरुवार को परिजन तलाश करते हुए जंगल पहुंचे, जहां झाड़ियों में उनका शव मिला।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
परिजनों ने आरोप लगाया कि अटाई गांव निवासी विनीत से दो महीने पहले पशु खरीद को लेकर विवाद हुआ था। यूसुफ का कहना है कि विनीत ने अपने तीन साथियों बबली, जय और रमेश के साथ मिलकर पशु खरीदने के बहाने मोहम्मद को बुलाया और उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






