बेटा पैदा नहीं होने पर ससुरालियों ने प्रताड़ना की हदें की पार, नोएडा के CISF कैंप में मिला महिला का शव

top-news
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने पति और सास को किया गिरफ्तार

Greater Noida: सूरजपुर स्थित सीआईएसएफ कैंप में एक महिला की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान रितु तोमर के रूप में हुई है। उनके पति सोनू मलिक सीआईएसएफ में सिपाही के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में रितु के पति सोनू मलिक और सास शकुंतला को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को ग्राम लखनावली से हिरासत में लिया गया।

दो बार लिंग परीक्षण करवाकर गर्भपात कराया 
पुलिस के मुताबिक, रितु ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी। वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि बेटे की चाहत पूरी न होने पर रितु को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि पहले गर्भधारण के दौरान बेटी होने पर भी दबाव बनाया गया और बाद में दो बार लिंग परीक्षण करवाकर गर्भपात कराया गया।

ससुराल वाले जान लेने की धमकी दी थी
मृतका के भाई अंकित ने बताया कि बहन को पति और सास लगातार मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। एक बार तो वह मायके में लगभग एक साल तक रही थी। समाज के लोगों के कहने पर परिवार ने उसे ससुराल भेजा, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। अंकित के अनुसार 23 सितंबर की शाम रितु ने फोन पर बताया कि ससुराल वाले उसकी जान लेने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।

पति और सास को पुलिस ने किया गिरफ्तार
परिजनों को शक होने पर 24 सितंबर की सुबह वे लखनावली स्थित किराए के मकान पर पहुंचे, जहां रितु मृत मिली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि घटना 23 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पति सोनू मलिक (37) और सास शकुंतला (58) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *