नोएडा में 'नटवरलाल' ज्वेलर गिरफ्तार, 24 कैरेट गोल्ड बताकर नकली आभूषण- बिस्किट बेचा था
नकली सोने के आभूषण बेचने वाला सर्राफा दुकानदार गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 29 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने एक सर्राफा दुकानदार को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को नकली सोने-चांदी के आभूषण और बिस्किट असली बताकर ठग रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, मूर्तियां और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
6 महीने पहले की थी डेढ़ करोड़ की ठगी
सूरजपुर स्थित पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसायटी निवासी दिवाकर सिंह ने 30 अप्रैल को सोसायटी के बाहर बनी मार्केट में स्थित दुकान से सोने के चार बिस्किट (दो 30 ग्राम, एक 50 ग्राम और एक 35 ग्राम) और एक सोने का हार खरीदा था। जिसकी कुल कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये थी। दुकानदार ने इन्हें 24 कैरेट शुद्ध सोना बताकर बेचा और दिवाकर सिंह ने तुरंत पूरा भुगतान कर दिया। लेकिन जांच कराने पर पता चला कि हार और बिस्किट नकली थे। इसके बाद दुकानदार दुकान बंद करके फरार हो गया।
आरोपी की पहचान और पुलिस कार्रवाई
शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान गाजियाबाद के इंदरापुरम स्थित साया अपार्टमेंट निवासी पंकज कपूर के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि पंकज लंबे समय से सोने-चांदी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कम दामों में शुद्ध सोना देने का झांसा देकर नकली धातु से बने जेवर बेचता था। कई लोग उसे भरोसेमंद स्वर्णकार मानकर अपने असली जेवर गिरवी भी रख जाते थे।
सेक्टर-142 और गाजियाबाद में भी मामले दर्ज
मार्च में सौरभ नामक एक व्यक्ति ने अपनी सोने की चैन गिरवी रखकर उससे 1.30 लाख रुपये लिए थे। सौरभ ने उसमें से 1 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन 30 हजार शेष रह गए। इसी रकम को लेकर आरोपी ने लालच में आकर ठगी का सिलसिला और बढ़ा दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सेक्टर-142 में भी ज्वेलरी की दुकान खोली और वहां पर भी लोगों से ठगी की। इस संबंध में थाना सेक्टर-142 में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा गाजियाबाद में भी उसके खिलाफ सात आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई चल रही थी और वह वहां से भी वांछित था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






