कमरे में लगे टाइल्स ने खोल दी पोल झूठे अपहरण की कहानी, परिजनों से युवक ने मांगी थी 20 लाख फिरौती
नोयेड़ा समाचार
- Shiv Kumar
- 29 Sep, 2025
Noida: पुलिस ने हिमाचल के सोलन से युवक को खुद के अपहरण की कहानी रचने और 20 लाख की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी आशाराम (22) निवासी कासगंज ने ऑनलाइन गेम में 4.70 लाख रुपये हारने के बाद छोटे भाई के मोबाइल पर मुंह, हाथ-पैर बंधे होने का फोटो भेजकर परिजनों से फिरौती मांग थी। उसने कुछ रुपये दोस्तों से लिए थे और कुछ गेम में जीतकर जुटाए थे।
नोएडा से कासगंज जाते समय लापता हो गया था युवक
डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 24 सितंबर को फेज-दो थाने में कासगंज निवासी किशोर ने सूचना दी कि दो सितंबर को उसका बड़ा भाई आशाराम नयागांव (नोएडा) में रहने वाले जीजा के पास गया था। जहां से 17 सितंबर को कासगंज जाने के लिए निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद 21 सितंबर को शिकायतकर्ता के मोबाइल पर कॉल आई कि उसके भाई का अपहरण हो गया है। अगर तीन दिन में 20 लाख रुपये नहीं दिए तो हत्या कर दी जाएगी। शिकायतकर्ता के मोबाइल पर आशाराम के कई फोटो भी भेजे गए, जिसमें मुंह पर पट्टी बंधी थी और हाथ-पैर भी बांधे थे।
हिमाचल के सोलन में मोबाइल चलाता युवक
डीसीपी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही एसीपी वर्णिका सिंह की अगुवाई में पांच टीमों का गठन किया गया था। टीमें संभावित स्थानों पर दबिश देती रहीं। आखिर में सर्विलांस की मदद से आशाराम की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के सोलन में मिली। जो तस्वीरें भेजी गई थीं, उनमें कमरे की टाइल्स भी दिख रही थी। टाइल्स पर अलग-अलग की डिजाइन थी। करीब 40 घर की तलाशी के बाद पुलिस को एक घर के बरामदे में उसी प्रकार की डिजाइन दिखी। इसके बाद मकान की जब तलाशी ली गई तो एक कमरे में आशाराम मोबाइल चलाते मिला।
परिचित से खिंचावाया था फोटो
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पूछताछ में आशाराम ने बताया कि वह आनलाइन गेम खेलता है और उसमे रकम भी लगाता है। मजबूरी बताकर अपने दोस्तों से करीब पांच लाख रुपये उधार हो गए था। वह रकम को गेम में हार गया था। दोस्तों के तकाजा करने पर उसने खुद के अपहरण की योजना बनाई थी। आशाराम ने बताया कि उसको पता था कि परिजनों के पास गांव में छह बीघा जमीन है। वह उसको बेचकर 20 लाख रुपये दे देंगे, जिससे वह उधारी चुका देगा। बाकी पैसे से से मौज-मस्ती करेगा। खुद को बंधक बनाने का फोटो एक जानकार की मदद से खींचा था। बताया था कि गर्लफ्रेंड और परिजनों को डराने के लिए फोटो भेजेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






