ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर खतरनाक स्टंट, अंडरपास के नीचे थार-क्रेटा से मचाया कहर

top-news
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, स्थानीय लोग बोले- रोज होता है खतरा

Greater Noida:  यमुना एक्सप्रेसवे से सटे दनकौर कोतवाली क्षेत्र के गलगोटिया विश्वविद्यालय अंडरपास के नीचे खतरनाक कार स्टंट करने का मामला सामने आया है। थार और क्रेटा कार सवार युवकों ने गोल घेरे में लगातार चक्कर लगाते हुए स्टंट किए और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए किया स्टंट
वायरल वीडियो में आठ गाड़ियां अंडरपास के नीचे खड़ी दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान एक थार और एक क्रेटा लगातार गोल घेरे में घूमते हुए स्टंट कर रही हैं। कुछ युवक गाड़ियों पर चढ़कर वीडियो शूट कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह स्टंट इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए किया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अंडरपास के नीचे आए दिन इस तरह के खतरनाक स्टंट होते रहते हैं। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। हादसे का खतरा हर समय बना रहता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि थार और क्रेटा लगातार चक्कर लगा रही हैं और आसपास छह गाड़ियां सड़क पर खड़ी हैं, जिनमें दो अन्य थार भी शामिल हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
जब स्टंट चल रहा था, उस समय कुछ वाहन चालक सड़क किनारे खड़े होकर स्टंट के खत्म होने का इंतजार करते दिखाई दिए। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दनकौर क्षेत्र से ऐसे कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। हाल ही में एक मामले में कार नंबर की पहचान कर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। इसके बावजूद इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता पाने की चाह में युवक यातायात नियमों की अनदेखी कर खतरनाक स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *