नोएडा प्राधिकरण की 219वीं बोर्ड बैठक आज, इन 37 प्रस्तावों पर होगी चर्चा, जानिए कौन-कौन से हैं?
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि पर शेयरधारिता को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
- Shiv Kumar
- 03 Oct, 2025
Noida: अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त एवं नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह 11 बजे प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में 219वीं बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कुल 37 एजेंडे शामिल किए गए हैं। बैठक की शुरुआत 218वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा से होगी। इसके बाद वित्त विभाग के एजेंडों पर चर्चा होगी। वर्ष 2024-25 में होने वाले व्यय का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। साथ ही नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि पर शेयरधारिता को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
समूह आवास और बिल्डरों की स्थिति
समूह आवास क्षेत्र से जुड़े प्रस्तावों में अमिताभ कांत की सिफारिशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि बिल्डरों ने कितनी धनराशि जमा की, किसने जमा नहीं की और उनके खिलाफ क्या कदम उठाए गए। इसके अलावा 21 दिसंबर के सरकारी आदेश के तहत सेक्टर-100 और क्लाउड-9 को मिले लाभ पर भी चर्चा होगी।
आवासीय और संस्थागत भूखंड
आवासीय भूखंडों में यह प्रावधान लाने का प्रस्ताव है कि यदि 12 वर्ष के सशुल्क विस्तार के बाद भी निर्माण नहीं होता है तो अतिरिक्त समय आवंटन दर पर 10 प्रतिशत शुल्क के साथ दिया जाएगा। वहीं, संस्थागत क्षेत्र में सेक्टर-143 की 4000 वर्ग मीटर भूमि पुलिस थाने के लिए निःशुल्क आवंटित की जाएगी। महाविद्यालय, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और नर्सिंग होम योजना के ब्रोशर पर भी विचार होगा। इसके साथ ही मंदिर निर्माण हेतु सनातन धर्म सेवा समिति को भूमि देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है।
वाणिज्यिक और औद्योगिक मामलों पर निर्णय
वाणिज्यिक क्षेत्र में सेक्टर-25ए और 32 में धारा 41(3) के तहत पारित आदेशों की समीक्षा की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में पराग डेयरी नोएडा प्लांट के दूसरे चरण की लगभग 46,000 वर्ग मीटर भूमि को राफे कंपनी को निःशुल्क हस्तांतरित करने पर चर्चा होगी। यह वही कंपनी है जिसके ड्रोन का इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के खिलाफ किया गया था।
स्पोर्ट्स सिटी और अपशिष्ट प्रबंधन
बैठक में स्पोर्ट्स सिटी से जुड़े सेक्टर 78, 79, 150 और 152 की आवंटित भूमि से संबंधित निर्णय भी लिए जाएंगे। साथ ही, नोएडा में योजना से लेकर कार्य आवंटन और व्यय तक के वित्तीय लेखे-जोखे को चाणक्य ऐप के माध्यम से अपडेट करने की व्यवस्था पर विचार होगा। नगर निगम क्षेत्र में 300 टीडीपी क्षमता वाला एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
शासन को भेजा जाएगा कार्यवृत्त
बैठक में सभी प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के बाद कार्यवृत्त शासन को भेजा जाएगा। इससे पहले प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने प्रस्तावों की समीक्षा बैठक भी कर ली है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






