ग्रेटर नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद 15 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

top-news
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 के उद्योग कैंट 2 में आग लगी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर आग लगने से हड़कंप मच गया।  ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र स्थित इकोटेक 3 के उद्योग कैंट 2 में 
एक बड़ी फैक्ट्री में सोमवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। अचानक लगी  आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील प्लास्टिक और पैकिंग मटेरियल मौजूद था, जिसके कारण आग तेजी से फैली। देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। 

करीब 4 घंटे के बाद आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड विभाग की लगभग 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। फायर विभाग के अधिकारी और सीएफओ सहित कई टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 4 घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। आग फैक्ट्री के भीतर तक पहुंच गई थी, इसलिए बुझाने में दिक्कत हुई। आग से बहुमंजिला इमारत पूरी तरीके से जलकर राख हो चुकी है। यह कंपनी फ्रूटी पेय पदार्थ के लिए इस्तेमाल होने वाले पाइप और पैकेजिंग सामग्री का निर्माण करती है। 

शॉर्ट सर्किट की आशंका
सीएफओ  प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना ईकोटेक 3 क्षेत्रान्तर्गत सी 124 उद्योग कैन्ट-2 में रात्रि में फ्रूटी के पेपर से स्ट्रॉ बनाने वाली कम्पनी में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना स्थानीय पुलिस बल व फायर बिग्रेड की 15 गाड़ियों द्वारा आग को बुझाया गया। उपरोक्त घटना में कोई जनहानि नहीं है, आग को पूर्णरूप से बुझा दिया गया है। आग पर नियंत्रण पाने में टाइम लगा, क्योंकि क्योंकि फैक्ट्री में रासायनिक पदार्थों और पैकिंग सामग्री के ढेर मौजूद थे, जो लगातार जल रहे थे। 

आसपास के एरिया को कराया गया खाली
बता दें कि दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर, दादरी और नोएडा से अतिरिक्त फायर टेंडर मंगवाए थे। मौके पर   पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। वहीं, आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया था ताकि जनहानि से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *